छुरिया। प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया और तेजी से बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरिया के तत्वावधान में मंगलवार, 13 अक्टूबर को उग्र विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव के निर्देशानुसार स्थानीय विश्राम गृह छुरिया से विद्युत कार्यालय तक विशाल विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार व विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
राष्ट्रगान का गायन, संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन
विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नया बस स्टैंड छुरिया पहुंचकर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। इसके पश्चात भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन भी किया गया। पुतला दहन के समय मौके पर मौजूद पुलिस जवानों और प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झूमा-झटकी की स्थिति भी निर्मित हुई।
दबावपूर्वक स्मार्ट मीटर लगाने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
इसके पश्चात कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विद्युत कार्यालय छुरिया का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने और स्मार्ट मीटर की योजना पर रोक लगाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वनांचल व ग्रामीण इलाकों में उपभोक्ताओं की अनिच्छा के बावजूद दबाव बनाकर जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने ऐसे मामलों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन के उपरांत प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें बढ़ते बिजली बिलों से आम जनता को राहत देने और स्मार्ट मीटर योजना पर पुनर्वितार करने की अपील की गई।
दिग्गज कांग्रेसी नेता व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव, खुज्जी की पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू, जिला कांग्रेस महामंत्री रितेश जैन, प्रवक्ता प्रकाश शर्मा, चुम्मन साहू, पूर्व नगर अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी सिन्हा, जनपद सदस्य श्रीमती सीमा यादव, श्रीमती चंद्रिका वर्मा, मंडल अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा सिन्हा एवं एकनाथ सिन्हा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री धनेंद्र कोठारी, श्रीमती चमेली चन्द्रवंशी, किसान कांग्रेस अध्यक्ष विजय साहू, वरिष्ठ नेता जावेद मेमन, पार्षद सोनू खान, दीपक जगने, रोशन रजक, दबीज खान, पूर्व पार्षद सुनील लड़ोकर, सचिव रामायण साहू, रेवा राम लाडेकर, तामेश्वर साहू, श्रीमती सुलेखा कोमरे, कुलदीप साहू, शकील कुरेशी, साहेब दास साहू, भीखम देवांगन, नितेश पाल, अनिस सोनी, विष्णु टांडेकर, दिनेश मांडवी एवं रोहित वर्मा सहित युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल और पंचायती राज संस्थाओं के अनेक निर्वाचित जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन जारी रखा जाएगा।



