Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON सेवा संकल्प अभियान : लखोली स्कूल में लगे अंतिम मेगा कैंप में...

सेवा संकल्प अभियान : लखोली स्कूल में लगे अंतिम मेगा कैंप में पहुंचे 53 आवेदन

1
0

राजनांदगांव। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत वार्डों में मेगा कैंप लगाने की अंतिम कड़ी में आज लखोली शासकीय स्कूल परिसर में भव्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में वार्ड क्रमांक 29 से 36 तथा 47, 49, 50 एवं 51—कुल 12 वार्डों के नागरिक शामिल हुए। शिविर में महापौर श्री मधुसूदन यादव ने विशेष रूप से उपस्थित होकर विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया और वार्डवासियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं।

नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा निराकरण
महापौर श्री यादव ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की श्रेणीवार छंटनी कर प्राथमिकता तय की जाए, ताकि यथासंभव जल्द से जल्द उनका समाधान कर आवेदकों को अवगत कराया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि ‘सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए और उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

इस अवसर पर निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम, एमआईसी प्रभारी सदस्य श्री डीलेश्वर साहू, श्री शैकी बग्गा, पार्षद श्री चंद्रशेखर लश्करे, श्रीमती रीना सिन्हा, श्रीमती गिरजा निर्मलकर, श्री संतोष साहू, पूर्व पार्षद श्रीमती मिथलेश्वरी वैष्णव, पार्षद प्रतिनिधि श्री संतोष निर्मलकर, श्री हिंछा राम साहू, श्री विजय सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और लोगों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

आयुष्मान कार्ड नवीनीकरण पर हितग्राही ने दिया धन्यवाद
शिविर के दौरान बसंतपुर निवासी श्री गोलू साहू ने बताया कि वे पहले बसंतपुर के शिविर में नहीं पहुंच पाए थे, लेकिन आज लखोली शिविर में आने से उनके आयुष्मान कार्ड का सफलतापूर्वक नवीनीकरण हो गया है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इसके लिए उन्हें कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़े और अब उन्हें इलाज कराने में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसके लिए शासन प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

स्वास्थ्य परीक्षण और नशा मुक्ति की शपथ
आज के इस अंतिम शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं की मांग के 46 और शिकायतों के 7—कुल 53 आवेदन प्राप्त हुए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में पहुंचे नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित की गईं। वहीं, समाज कल्याण विभाग की ओर से उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार आयोजित इन मेगा कैंपों से नागरिकों को घरपहुंच सेवा का लाभ मिला है। सभी शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण किया जा रहा है।