राष्ट्रीय राजमार्ग 343 में सड़क दुर्घटना को कम करने एवं जिला स्तर पर सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर कलेक्टर, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग, कार्यपालन अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग, जिला परिवहन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सर्व मुख्य नगर पालिका अधिकारी, सर्व प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय, सर्व प्राचार्य हाईस्कूल/हायर सेकेण्डरी स्कूल उपस्थित थे।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने राष्ट्रीय राजमार्ग 343 में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के अन्तर्गत सर्वाधिक दुर्घटना वाले क्षेत्र में सुरक्षा के सभी आवश्यक व्यवस्था जैसे – वाहनों की गति सीमा का बोर्ड, गति अवरोधक, अंधे मोड़, दुर्घटनाजनक क्षेत्र में संकेत चिन्ह पर्याप्त मात्रा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर 15 दिवस में लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये। कलेक्टर ने बताया कि सड़क किनारे स्थित स्कूलों में दुर्घटना होने की संभावनायें अधिक रहती है, ऐसे स्कूलों में बच्चों के आने-जाने के समय उनकी निगरानी हेतु एक शिक्षक की ड्यूटी लगाने के निर्देश प्राचार्य को दिये। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे अधिकतर नाबालिग रहते हैं, अतः बच्चों को स्कूल में बताया जाये कि कम उम्र में मोटरसायकल चलाना अपराध की श्रेणी में आता है, अतः बच्चों को मोटरसायकल लेकर न आने की समझाईश दें, साथ ही स्कूल में होने वाली शाला समिति की बैठक में अभिभावकों को इसकी जानकारी देने को कहा। कलेक्टर ने सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित ढाबा के समीप अव्यवस्थित ढं़ग से खड़ी वाहनों पर कार्यवाही करने तथा ढाबा मालिकों को वाहन पार्किंग की सही व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित करने को कहा। कलेक्टर ने बैठक में लोक निर्माण विभाग के अन्तर्गत आने वाले सड़कों की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने इन सड़कों पर संभावित दुर्घटनाजनक क्षेत्रों में उचित संकेतक लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये। उन्होंने निर्माणाधीन चांदो-सामरी मार्ग के प्रगति के संबंध में जानकारी ली तथा संबंधित एजेंसी से शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री टी.आर. कोसिमा ने बताया कि जिले में सर्वाधिक दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 343 में होती है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से दुर्घटना जनित क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में दुर्घटना के संकेत, गति अवरोधक, गति सीमा के बोर्ड लगाने को कहा। उन्होंने बताया कि 80 प्रतिशत दुर्घटना मोटर सायकल से हो रही है और दुर्घटना शाम 5.00 बजे से रात्रि 10.00 बजे के बीच होती है, जिसमें 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा होते हैं। पुलिस अधीक्षक ने दुर्घटना को रोकने हेतु लोगों को हेलमेट पहनकर सीमित गति से वाहन चलाने, नशा सेवन कर वाहन न चलाने, यातायात के नियमों की जानकारी देने हेतु लोगों में जन जागरूकता लाने की बात कही। साथ ही समय-सयम पर स्कूल/कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देने के निर्देश यातायात प्रभारी को दिये। पुलिस अधीक्षक ने यातायात प्रभारी अधिकारी से नशा का सेवन कर वाहन चलाने वाले पर कड़ी कार्यवाही करने एवं आबकारी विभाग के अधिकारी से अवैध शराब विक्रय करने वालों पर रोक लगाने की बात कही।



