राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक महिला का दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आरोपी का नाम गोपी श्रीवास (27 वर्ष), पिता परशुराम श्रीवास, निवासी हनुमान मंदिर के पास, तुमड़ीबोड़, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव है। आरोपी को 23 जनवरी 2026 को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
प्रार्थी महिला ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि जून 2025 में उसकी तबियत खराब थी और इसी दौरान वह गोपी श्रीवास से मिली थी, जो एक झाड़-फूंक बैगा और सेलून नाई का काम करता है। महिला ने आरोप लगाया कि गोपी श्रीवास ने अपने आप को अविवाहित बताकर शादी का प्रलोभन दिया और बार-बार उसके घर आकर शारीरिक संबंध बनाए।
बाद में, महिला को यह जानकारी मिली कि आरोपी शादीशुदा है, जिसके बाद गोपी ने महिला को नजरअंदाज करना शुरू कर दिया और उसे गालियाँ दीं, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेण्डर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम की टीम ने आरोपी गोपी श्रीवास को 24 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ अप0क्र0 70/26 धारा 296, 351 (2) (एम) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया और आज उसे न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया है।
कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, प्र0आर0 शम्भूनाथ द्विवेदी, आरक्षक प्रयंश सिंह, और लिलेन्द्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



