राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में पहली बार होने जा रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं) ने इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की मेजबानी की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ को सौंपी है। प्रतियोगिता रायपुर और जगदलपुर में आयोजित होगी। इसके प्रचार-प्रसार के लिए मशाल गौरव यात्रा प्रदेश के सभी जिलों में भ्रमण कर रही है।
इसी क्रम में बुधवार को विशाल मशाल यात्रा राजनांदगांव पहुंची। दिग्विजय स्टेडियम परिसर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू ने हरी झंडी दिखाकर मशाल रथ को रवाना किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, पूर्व अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास संतोष अग्रवाल एवं रमेश पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, छत्तीसगढ़ हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी, सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग ए. एक्का, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल, क्रीड़ा अधिकारी अनिल गौतम, दिग्विजय स्टेडियम प्रबंधक देवेंद्र ठाकुर, गणेश प्रसाद शर्मा, खेलो इंडिया कोच शकील अहमद तथा साईं सेंटर के कोच परमजीत सिंह, कृष्णा यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजन के शुभंकर ‘मोरवीर’ का पुष्पमाला और बुके देकर स्वागत किया गया। इसके बाद मशाल यात्रा शहर के प्रमुख स्थलों और स्कूलों में पहुंची। वी स्कूल और चिखली स्कूल में विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छोटे हॉकी खिलाड़ियों को ट्राइबल गेम्स में मिलने वाले प्रशिक्षण, सुविधाओं और खेलों की गुणवत्ता के बारे में बताया गया।
अभियान के दौरान खेल विशेषज्ञों ने बच्चों को प्रतिभा चयन की प्रक्रिया भी समझाई। अधिकारियों ने बताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ अंचलों में रहने वाले जनजातीय खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण देना और राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना है। मशाल यात्रा के माध्यम से युवाओं और खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।



