रायपुर. छत्तीसगढ़ से जल्द ही झारखंड और ओडिशा के विभिन्न जिलों के लिए 25 से ज्यादा यात्री बसों का संचालन होगा। यात्रियों की संख्या को देखते हुए बस मालिकों ने परिवहन विभाग से अनुमति मांगी है। साथ ही इसके संचालन की तैयारियों में जुटे हुए है। इसकी स्वीकृति मिलते ही सड़कों पर यात्री बसों का अंतरराज्यीय मार्गो पर संचालन शुरू हो जाएगा। बताया जाता है कि जनवरी के प्रथम सप्ताह में इसका संचालन शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके लिए राज्य परिवहन प्राधिकार के अधिकारी परमिट आवेदनों की सुनवाई करने में जुटे हुए है। किसी भी तरह के विवाद का निराकरण करने दावा-आपत्ति मंगवाई गई है। इसके पूरा होते ही बसों के संचालन का रास्ता साफ हो जाएगा। बता दें कि दोनों ही राज्यों की सीमा छत्तीसगढ़ से जुड़े होने के कारण रोजाना सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। रेलगाड़ियों के संचालन प्रभावित होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
इन मार्गों पर चलेंगी बसें
रायपुर से ओडिशा के भद्रक, बरहमपुर, संबलपुर, राऊरकेला और कोरापुट के साथ ही झारखंड के रांची के बीच चलेंगी। दोनों ही राज्यों के बीच सहमति बनने के बाद यात्रों बसों को परमिट जारी किया जा रहा है। साथ ही समय चक्र और मार्गो का चयन कर लिया गया है। इसका संचालन शुरू होने के रोजाना करीब 1000 यात्रियों का आवागमन होगा।