राजनांदगांव। राजनांदगांव स्थित राजगामी संपदा न्यास में हाल ही में हुई नियुक्तियों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। उपाध्यक्ष को हटाने की मांग के बाद अब न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू को उनके पद से हटाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में वैष्णव समाज ने एक बैठक आयोजित कर शासन को पत्र जारी किया है और नियुक्ति को रद्द करने की मांग की है।
पूर्व मंडलेश्वर कृष्ण कुमार वैष्णव ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि श्रीमती पूर्णिमा साहू ने “श्रीमती सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा न्यास, राजनांदगांव” के अध्यक्ष पद पर अपनी नियुक्ति के आवेदन में खुद को मनेरी, विकासखंड डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव का निवासी बताया है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि जब मनेरी गांव की मतदाता सूची की जांच की गई, तो उसमें श्रीमती पूर्णिमा साहू का नाम नहीं पाया गया। इससे यह स्पष्ट होता है कि वे मनेरी की मूल निवासी नहीं हैं और उन्होंने गलत व फर्जी जानकारी के आधार पर अध्यक्ष पद की कुर्सी हासिल की है, जो कि पूरी तरह से नियम विरुद्ध है।
वैष्णव समाज ने चेतावनी दी है कि यदि शासन स्तर पर इस मामले में तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो समाज माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर में याचिका दायर कर उन्हें पद से हटाने की कानूनी मांग करेगा।



