झारखंड विकास मोर्चा प्रजातंत्रिक के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने पाकुड़ में सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश पर भाजपा व उनसे जुड़े संगठनों द्वारा किये गए हमले को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए इसकी कड़ी निन्दा की है। मरांडी ने मंगलवार को यहां कहा कि यह हमला स्वामी अग्निवेश पर नहीं बल्कि यह सीधे तौर पर लोकतंत्र पर हमला है। भाजपाइयों व उससे जुड़े संगठन की यह करतूत देश व राज्य से विचारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को जबरन गुंदागर्दी के बल पर समाप्त करने व उस पर पहरा लगाने सरीखा है। इस घटना से पूरे देश में झारखंड की छवि धूमिल हुई है। भारत एक धर्म-निरपेक्ष देश है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी है परंतु भाजपा के लोग जबरन अपने विचारों को पूरे देश पर थोपना चाहते हैं जो गलत है। मरांडी ने कहा कि स्वामी अग्निवेश डीसी व एसपी को फोन करते रहें परंतु कॉल रिसीव नहीं किया गया। इससे इस आशंका को बल मिलता है कि किसी प्रदेश में सरेआम इस प्रकार देश के एक प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता की सत्तारूढ़ दल के कार्यकतार्ओं द्वारा पिटाई बगैर सरकार के प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष संरक्षण के संभव हो ही नहीं सकता है। मुख्यमंत्री ने जांच का आदेश जरूर दिया है परंतु परिणाम कुछ निकलने वाला नहीं है।