Home News मालेवाही में IED ब्लास्ट नक्सलियों ने मजदूरों से भरे एक वाहन को...

मालेवाही में IED ब्लास्ट नक्सलियों ने मजदूरों से भरे एक वाहन को निशाना बनाया है।

12
0

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर-दंतेवाड़ा स्टेट हाईवे पर गुरुवार सुबह नक्सलियों ने मजदूरों से भरे एक वाहन को निशाना बनाया है। नक्सलियों के कमांड IED ब्लास्ट करने से चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 11 घायल हो गए हैं। सारे मजदूर रोजी-रोटी की तलाश में राजनांदगांव से आंध्रप्रदेश जा रहे थे। रास्ता न भटकें इस लिए इन्होंने गूगल मैप का सहारा लिया था। वहीं 3 अगस्त को नक्सलियों का शहीदी सप्ताह भी खत्म हुआ है। इस दौरान उन्होंने पर्चा जारी कर किसी भी ग्रामीण को अंदरूनी इलाके में आने से मना कर रखा था। घटना के बाद CRPF, STF व DRG के सर्चिंग कर रहे हैं।

जानकारी मिली है कि नक्सलियों के पूर्वी बस्तर डिवीजन कमेटी के सदस्य सुबह 3:30 बजे से सड़क से 50 से 60 मीटर की दूरी पर स्थित एक बरसाती नाले में छिप कर बैठे थे। यहां 10 किलो की IED लगा रखी थी। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे जैसे ही इस मार्ग पर मजदूरों से भरा बोलेरो निकला, नक्सलियों ने ब्लास्ट कर दिया। वाहन के पीछे की तरफ का किनारे का हिस्सा चपेट में आया। बारिश की वजह से मिट्टी गीली थी इसलिए ब्लास्ट से ज्यादा नुकसान नहीं हो सका। वाहन पर काले रंग का त्रिपाल होने के कारण नक्सलियों ने पुलिस वाहन के संदेह में निशाना बनाने की आशंका है।

घायल मजदूरों ने कैंप पहुंच कर दी जानकारी
नारायणपुर-दंतेवाड़ा मार्ग पर नक्सलियों ने जिस पुल पर IED प्लांट कर रखी थी वहां से महज ढाई किमी की ही दूरी पर सुराक्षा बलों का कैंप स्थित है। घटना स्थल से एक ओर बोदली कैंप तो वहीं दूसरी तरफ मालेवाही कैंप स्थित है। ब्लास्ट की चपेट में आए मजदूर घायल हालत में बोदली कैंप पहुंचे और जानकारी जवानों को दी। बोदली कैंप के जवानों ने मालेवाही कैंप से संपर्क किया और मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी लगते ही दंतेवाड़ा के SP डॉ अभिषेक पल्लव भी स्पॉट पर पहुंचे। घायलों को एम्बुलेंस व पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया।

15 गांवों को नक्सल मुक्त करने से नक्सलियों में है बौखलाहट
पिछले 1 साल में बस्तर में सबसे ज्यादा नुकसान नक्सलियों को दंतेवाड़ा जिले में हुआ है। यहां लोन वर्राटू अभियान ने नक्सलियों की जबरदस्त कमर तोड़ दी है। वहीं पुलिस अब जिले के 15 गांवों को नक्सल मुक्त करने की तैयारी में है। इससे पहले उन गांवों का सर्वे भी करवाया जा रहा है। दंतेवाड़ा जिले में लाल आतंकियों का वर्चस्व खत्म होते देख इनमें बौखलाहट दिख रही है। दंतेवाड़ा SP डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि शहीदी सप्ताह में नक्सली सुराक्षबलों को नुकसान नहीं पहुंचा सके इस लिए वे अब ग्रामीणों पर हमला कर रहे हैं।