Home News क्रिकेट की पिच पर लगाए चौके-छक्के; चौपाटी पर गुपचुप खाते हुए कहा-...

क्रिकेट की पिच पर लगाए चौके-छक्के; चौपाटी पर गुपचुप खाते हुए कहा- स्वाद इस बात पर निर्भर करता है कि आप उसमें क्या भर रहे हैं…

19
0

छत्तीसगढ़ में इन दिनों सरकार जनता के द्वार है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खुद पिछले तीन दिनों से बस्तर दौरे पर हैं। इस दौरान राजनीति की बात तो हुई, लेकिन उससे ज्यादा चर्चा रही सामाजिक सरोकारों की। जहां CM बघेल गौठानों में बुजुर्गों से बात करते हैं, तो युवाओं के बीच क्रिकेट की पिच से छक्का लगाते हैं। बच्चों के साथ समय बिताते हैं और सेल्फी लेते हैं। वहीं चौपाटी पर खड़े ठेले वाले से गुपचुप (गोलगप्पे) भी खाते हुए कहते हैं, स्वाद इस बात पर निर्भर करता है कि आप उसमें क्या भर रहे हैं।

CM बघेल ने कोंडागांव में बंधा तालाब के चौपाटी पर गुपचुप (गोलगप्पे) का आनंद लिया। वे कहते हैं, अपने वक्त को सार्थक चीजों से भरें, जीवन के रंगों को जिएं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 25 जनवरी से बस्तर दौरे पर हैं। इस दौरान जगदलपुर, कोंडगांव और अब कांकेर पहुंचे हैं। जगदलपुर में जहां CM ने ई-ग्रंथालय का लोकार्पण किया और गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण किया। दलपत सागर जलाशय में हुई संभाग स्तरीय नौकायन प्रतियोगिता के समापन में पहुंचे और खिलाड़ियों को नौका की ट्राफी भी भेंट की। वहीं कोंडागांव में शिल्प नगरी और बंधा तालाब जनता को समर्पित किया।

CM ने कोंडागांव जिले के प्रवास के दौरान स्थानीय जामकोटपारा स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल का लोकार्पण किया और बच्चों के साथ सेल्फी भी ली।

बच्चों के साथ सेल्फी ली, शतरंज का खेल भी देखा
जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की। CM ने कोंडागांव जिले के प्रवास के दौरान स्थानीय जामकोटपारा स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की खेल-कूद गतिविधियों में भी हिस्सा लिया। बच्चों के साथ सेल्फी ली और शतरंज का खेल भी उनके साथ बैठकर देखा। नेताओं के साथ उन्होंने कैरम खेला तो अफसरों के साथ बॉलीवॉल।

जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।

CM कहते हैं, अपने वक्त को सार्थक चीजों से भरें, जीवन के रंगों को जिएं
कोंडागांव में बंधा तालाब के चौपाटी पर गुपचुप (गोलगप्पे) का आनंद लेने के दौरान मुख्यमंत्री खुद कहते हैं कि वक्त और गुपचुप दोनों ही खाली होते हैं। स्वाद इस बात पर निर्भर करता है कि आप उसमें क्या भर रहे हैं। अपने वक्त को सार्थक चीजों से भरें, जीवन के रंगों को जिएं। जीवन के इन्हीं रंगों को वह भर रहे हैं। इस संदेश के साथ कि यह सरकार बंद कमरों में बैठकर निर्णय लेने वाली नहीं है। बल्कि जनता के बीच जाकर, जनता के लिए काम करने वाली है।

कोंडागांव में स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल में बच्चों के साथ शतरंज का आनंद भी।

कांकेर को आज मिलेगा हॉस्टल और धान्य प्रोसेसिंग यूनिट
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार से अपने दो दिवसीय दौरे पर कांकेर पहुंचे हैं। इस दौरान वे जिले की जनता को कई विकास कार्य समर्पित करेंगे। इसमें कृषक छात्रावास, बॉयज हॉस्टल और धान प्रोसेसिंग यूनिट का लोकार्पण सहित 342 करोड़ रुपए के विकास कार्य शामिल हैं। इसके साथ जनसभा और गोठानों का निरीक्षण कर लाभार्थियों को सामग्री का वितरण भी करेंगे। अगले दिन गुरुवार दोपहर वहां से पाटन के लिए रवाना होंगे।