Home News कोरबा में राम रथयात्रा की वजह से भाजपा ने नहीं दिया धरना,...

कोरबा में राम रथयात्रा की वजह से भाजपा ने नहीं दिया धरना, अब 29 को करेंगे प्रदर्शन…

12
0

बिलासपुर।  किसानों से कम धान खरीदी, बारदाना समेत अन्य समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी का जिला स्तरीय धरना स्थगित कर दिया गया। श्री राम मंदिर निर्माण अभियान के तहत निकाली गई रथयात्रा की वजह से पार्टी ने यह निर्णय लिया। अब 29 जनवरी को धरना दिया जाएगा।

जिले में सात स्थान से श्री राम रथयात्रा निकाली गई है, जो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग सात सौ गांव का भ्रमण कर शनिवार को कोरबा पहुंचेगी। शोभायात्रा के साथ घंटाघर ओपन आडिटोरियम में रितेश्वर महाराज उपस्थितजनों को संबोधित करेंगे। भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता रथयात्रा को सफल बनाने जुटे हुए हैं।

पार्टी ने 22 जनवरी को किसान समस्याओं को लेकर पूरे प्रदेश में जिला स्तरीय धरना देने का निर्णय लिया था, पर रथयात्रा की वजह से कोरबा में स्थगित करना पड़ गया। भाजपा जिलाध्यक्ष डा राजीव सिंह ने बताया कि रथयात्रा के संबंध में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए धरना स्थगित करने का प्रस्ताव रखा था। स्वीकृति मिलने के बाद अब 29 जनवरी को जिला स्तरीय धरना दिया जाएगा।

कोशिश होगी कि इसमें प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हो। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अपने स्तर पर तैयारी कर रहे हैं। यहां यह बताना लाजिमी होगा कि कोरबा छोड़ कर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय में भाजपा ने शुक्रवार को धरना दिया। इसके पहले बारदानों की कमी, किसानों के रकबा कम करने व किसानों के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए बीजेपी ने 13 जनवरी को विधानसभा स्तर पर धरना दिया था।

जानकारों का कहना है कि विश्व हिंदू परिषद व आरएसएस के पदाधिकारियों ने भाजपा से कहा था कि श्रीराम रथ यात्रा की वजह से धरना स्थगित किया जाए, इस पर भाजपा ने प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए आंदोलन स्थगित कर दिया।