Home News बिलासपुर : 22 सौ क्विंटल धान कम मिलने पर बंद हुआ था...

बिलासपुर : 22 सौ क्विंटल धान कम मिलने पर बंद हुआ था जांजगीर का ये खरीदी केंद्र, अब खोलने की मांग कर रहे किसान…

13
0

बिलासपुर : खरीफ विपणन वर्ष 2017-18 में धान का समर्थन मूल्य की धान खरीदी में अनियमितता और 2,200 क्विंटल धान की कमी पाए जाने के कारण सक्ती विकास खंड के कचंदा खरीदी केंद्र को छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य सचिव द्वारा धान खरीदी नहीं करने का निर्देश दिया गया। इसलिए यहां धान खरीदी किए जाने की मांग की जा रही है। खरीदी केंद्र में गड़बड़ी पर केंद्र को बंद करने के बजाय अधिकारियों व संलिप्त कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई त्वरित गति से होना था, मगर ऐसा नहीं हो सका और केंद्र को इस बार बंद किया गया है।

प्रभारी उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी सक्ती के जांच प्रतिवेदन के आधार पर संचालक मंडल के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए भेजा गया है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर अध्यक्ष जागेश्वर चंद्रा एवं संचालक मंडल के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा गया, किंतु संचालक मंडल ने कोई कार्रवाई नहीं की।

जिसके कारण अध्यक्ष एवं संचालक मण्डल के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के लिए नोटिस जारी की गई। संचालक मंडल द्वारा प्रस्तुत जवाब विधि सम्मत नहीं पाए जाने के कारण संचालक मंडल को छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 की धारा के तहत भंग कर संचालक कमेटी नियुक्त किया गया। वर्ष 2017-18 अवधि में धान खरीदी केन्द्र कचंदा के धान खरीदी प्रभारी ललित कुमार टंडन संस्था मे कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है, द्वारा धान खरीदी में अनियमितता करते हुए 2,200 क्विंटल धान की कमी की गई, जिसके कारण जैजैपुर पुलिस थाना में 3 फरवरी 2018 को पर्यवेक्षक रोहित कुमार राठौर और जिला केंद्रीय सहकारी बैंक जैजैपुर द्वारा ललित कुमार टंडन धान खरीदी प्रभारी एवं आठ अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध एपुआइआर दर्ज कराई गई।

धान खरीदी केंद्र कचंदा में वर्ष 2017-18 में अध्यक्ष एवं संचालक मंडल की संलिप्तता के कारण धान खरीदी में गड़बड़ी हुई, जिसके कारण छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य सचिव द्वारा कचंदा में धान खरीदी नहीं करने के निर्देश दिए। समिति कचंदा के आश्रित ग्राम को समिति ओडेकेरा एवं तुषार में संलग्न कर वर्ष 2019-20 तक धान खरीदी कराई गई। धान खरीदी वर्ष 2020-21 में समिति के आश्रित ग्राम हरदीडीह, रीवाडीह और आमाकोनी को शामिल कर हरदीडीह नवीन समिति पंजीकृत की गई है, एवं धान खरीदी केंद्र हरदीडीह में धान की खरीदी की जा रही हैं।

कचंदा समिति के शेष ग्राम कचंदा, बेलादुला एवं खरवानी को धान खरीदी केंद्र तुषार में संलग्न किया गया है। प्रभारी उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं ने बताया कि वर्ष 2017-18 के धान खरीदी केंद्र कचंदा में अनियमितता बरतने वाले अध्यक्ष व संचालक मंडल सदस्य बिलासपुर के आदेश सें वर्ष 2020-21 अवधि में पुन: कार्य पर उपस्थित हो गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने बताया कि धान उपार्जन केंद्र कचंदा की अनिमियतता के संबंध में जैजैपुर थाने मे दर्ज प्रकरण का चालान प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई है।