Home News छत्तीसगढ़ : प्रदेश सरकार 20-21 मई को हालातों की समीक्षा करेगी, उसके...

छत्तीसगढ़ : प्रदेश सरकार 20-21 मई को हालातों की समीक्षा करेगी, उसके बाद ही राहत संभव, बाजार 3 तक रहेंगे बंद…

9
0

रायपुर. राजधानी में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार कमी और नए मरीजों के नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने इस मुद्दे पर मंथन शुरू कर दिया है कि लाॅकडाउन खत्म होने के बाद क्या शुरू किया जा सकता है? सारी योजनाएं सबसे पहले राजधानी में लागू की जाएंगी, ताकि इन्हें रोल माॅडल के तौर पर संशोधन कर दूसरे जिलों में लागू किया जा सके। हालांकि संकेत मिले हैं कि केंद्र सरकार के निर्देश के अनुरूप राजधानी में 3 मई तक कोई नई राहत मिलने के आसार नहीं हैं। प्रदेश सरकार 20-21 मई को हालात की फिर समीक्षा करेगी। उस आधार पर अगर कोई राहत दी भी गई, तो परिस्थितिवश इसे तत्काल खत्म भी किया जा सकता है। 

यह लगभग स्पष्ट है कि राजधानी में कुछ क्षेत्रों को 3 मई तक इंतजार करना होगा, यानी ये खुल नहीं पाएंगे। इनमें राजधानी के सभी शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स, टॉकीज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, सराफा बाजार, थोक पंडरी बाजार, फोटो स्टूडियो, निजी ऑटो-बस, स्टेडियम, क्लब, जिम, रविभवन, लालगंगा शॉपिंग मॉल, मस्जिद, मंदिर, गुरुद्वारा, चर्च, गार्डन, संग्रहालय, पर्यटन स्थल, साप्ताहिक बाजार, चाय, पान, सभी तरह के सामुदायिक भवन, मैरिज पैलेस, फैंसी और गिफ्ट स्टोर, सेलून, ब्यूटी पार्लर, स्टील व बर्तन की दुकानें, दो और चार पहिया वाहनों के शो रूम आदि।  

 होटल-रेस्टोरेंट से पार्सल: जिन सुविधाओं पर विचार चल रहा है, उनमें होटल-रेस्टोरेंट से पार्सल शामिल है। विचार है कि सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होटल-रेस्टोंरेट खोले जा सकते हैं, लेकिन केवल पार्सल के लिए। ऑनलाइन कंपनियां इन पार्सलों की डिलीवरी कर सकते हैं। 

लाॅकडाउन तक सख्ती रहेगी: प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक के मामले में लाॅकडाउन तक सख्ती रहेगी। अर्थात बाइक पर 1 एक कार में 2 लोगों से ज्यादा को अनुमति नहीं मिलेगी। इसके अलावा, अब सड़क पर थूकने वालों के खिलाफ केस दर्ज करने का फैसला लिया गया है।  


दफ्तरों में तिहाई स्टाफ: निजी दफ्तरों को एक तिहाई स्टाफ के साथ खोलने की अनुमति दी जा सकती है। लेकिन इन दफ्तरों में इन कर्मचारियों से दो शिफ्ट में काम लेना होगा। पहला शिफ्ट खत्म होने के बाद ही नए लोगों को दफ्तरों में इंट्री दी जा सकेगी।

अति आवश्यक चीजों के अलावा बाजार बंद रहेेंगे: डॉ. एस भारतीदासन कलेक्टर, रायपुर
सवाल:
 शहर के किन उद्योगों को 21 अप्रैल के बाद खोलने की मंजूरी दी जाएगी? 
कलेक्टर: राज्य सरकार ने पहले ही शर्तों के साथ उद्योगों को चलाने की मंजूरी दी है।
सवाल: प्रमुख बाजारों की दुकानें खुलेंगी, उन्हें कितने बजे कारोबार बंद करना होगा?
कलेक्टर: अभी अति आवश्यक चीजों के अलावा किसी भी तरह की दुकानें नहीं खुलेंगी।
सवाल: गांवों और शहरी क्षेत्रों में निर्माण काम कैसे होंगे, इसकी अनुमति दी गई है क्या? 
कलेक्टर: जिले में मनरेगा के काम वहीं के लोकल लोगों के साथ पूरे किए जा सकते हैं।