Home News झारखंड : कोरोनावायरस से राज्य में पहली मौत, बोकारो के गोमिया का...

झारखंड : कोरोनावायरस से राज्य में पहली मौत, बोकारो के गोमिया का था रहने वाला; संक्रमितों का कुल आंकड़ा हुआ 13

15
0

जमशेदपुर. झारखंड में कोरोनावायरस से बुधवार देर रात एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। 75 वर्षीय मृतक बोकारो के गोमिया विधानसभा क्षेत्र के साड़म का रहनेवाला है। फिलहाल, प्रशासन मृतक की ट्रैवल हिस्ट्री का पता लगाने में जुटी हुई है। वहीं, गुरुवार सुबह प्रशासन की टीम मृतक के गांव पहुंची और उसके घर समेत आसपास के इलाकों को सैनिटाइज करने का काम जारी है। इस दौरान एसडीओ, बीडीओ, थानाप्रभारी सहित प्रशासन की टीम मौजूद है। कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत  के बाद पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है। वहीं मृतक के गांव साड़म सहित पूरे बोकारो में लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

This image has an empty alt attribute; its file name is corona_1586404785.jpg

सिविल सर्जन डॉक्टर अशोक कुमार पाठक ने बताया कि 75 वर्षीय बुजुर्ग की तबीयत खराब थी और उसे इलाज के लिए बोकारो जेनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह मेडिकल टीम मृतक के घर भी जाएगी। इसके बाद उसके परिजन और रिश्तेदारों के सैंपल भी लिए जाएंगे। इनमें वे भी शामिल होंगे, जिनके संपर्क में मरीज आया था। 

झारखंड में कोरोना के मरीजों की संख्या हुई 13, नौ नए मामले आए सामने

बुधवार को झारखंड में कोरोना संक्रमण के 9 नए मामले सामने आए। इसमें 5 मरीज रांची के हैं, जबकि 4 बोकारो के। रांची में मिले 5 नए केस हिंदपीढ़ी क्षेत्र के हैं। ये सभी इस इलाके से मिली दूसरी पॉजिटिव महिला के परिवार के हैं। बोकारो में मिले 4 नए मरीज चंद्रपुरा प्रखंड के उसी तेलोगांव के हैं जहां से पहले एक महिला पॉजिटिव मिल चुकी है। इस तरह राज्य में अब कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 13 हो गई है। इसमें सबसे ज्यादा 7 मरीज रांची, 5 मरीज बोकारो और 1 हजारीबाग का है।

हिंदपीढ़ी के रहने वाले हैं 7 कोरोना पॉजिटीव मरीज

रांची में मिले 5 नए मरीज अब तक रिम्स के ही आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। इनमें महिला का पति भी था, जो किडनी का पेशेंट बताया जा रहा है। इन सभी को बुधवार रात करीब 10 बजे आइसोलेशन वार्ड से ट्रॉमा सेंटर स्थित कोविड-19 वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। बोकारो के चंद्रपुरा प्रखंड के तेलोगांव में पहले एक महिला पॉजिटिव मिली थी जो बांग्लादेश से लौटी थी। अब इसी गांव के 4 और लोगों की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये चारों गांव में ही बने क्वारेंटाइन सेंटर में थे, देर रात इन्हें बाकी लोगों से अलग कर दिया गया है।

झारखंड में कोरोना नंबर गेम

  • कुल संक्रमित- 13
  • नए संक्रमित- 09
  • कुल सैंपल- 1315
  • कुल निगेटिव- 1099
  • वेटिंग- 199
  • रांची- 07, बोकारो- 05, हजारीबाग का एक मरीज।

रिम्स में मैनपावर की कमी, 31 लोगों के भरोसे नहीं बढ़ पा रही सैंपल जांच
रिम्स में कोरोना की सैंपल जांच करनेवाली दूसरी आरटीपीसीआर मशीन बुधवार को बन गई। इसके बावजूद भी रोजाना 92 सैंपल की ही जांच होगी। 24 अप्रैल से रिम्स में सैंपल की जांच शुरू हुई थी। तब से अब तक माइक्रोबायोलॉजी विभाग ने कुल 998 सैंपल लिया है। लेकिन अभी 755 सैंपलों की ही जांच हो पाई है। ऐसे में 243 सैंपल पीछे चल रहा है। माइक्रोबायोलॉजी के लैब-टेक्निशियनों ने बताया कि मैनपावर की कमी होने के कारण सैंपल जांच नहीं बढ़ पा रही है। रिम्स में अभी फैक्लिटी, साइंटिस्ट, लैब टेक्नीशियन मिलाकर कुल 31 लोग ही काम कर रहे हैं। इधर, रिम्स में बुधवार को 400 पीपीई किट दिल्ली से पहुंचा। इससे हेल्थ वर्करों ने राहत की सांस ली।


पहले कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत के बाद भी नहीं सुधर रहे लोग
बुधवार देर रात राज्य में कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो चुकी है, इसके बावजूद लोगों में न तो कोरोना का खौफ दिख रहा है और न ही वे लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग की तो रोज धज्जियां उड़ाई जा रही है। राजधानी रांची समेत, धनबाद, जमशेदपुर, गिरिडीह, गुमला, दुमका, गढ़वा सहित राज्य के अन्य जिलों में अभी भी सब्जी मंडियों में भीड़ जुट रही है। लोग बेवजह सड़कों पर निकल रहे हैं। बैंकों, गैस एजेंसियों पर जुट रही लोगों की भीड़ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रही है। इस दौरान उन्हें समझाने वाला भी कोई नहीं दिख रहा है। हालांकि पुलिस-प्रशासन लगातार पेंटिंग, सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सहित तमाम जनसंपर्क के माध्यमों से जागरुकता अभियान चला रही है, बावजूद इसके लोगों की आदतों में सुधार नहीं हो रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कई जगहों पर वॉलेंटियर्स, पुलिस, प्रशासन, सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है। इसके अलावा कई ऐसे ऑप्शन मौजूद हैं जिनके जरिए खाद्य सामग्रियों की होम डिलिवरी हो रही है। लेकिन भीड़ रोजाना की तरह सड़कों पर निकल रही है, बाजारों में पहुंच रही है।

गुमला के सिसई में हैं सामान्य हालत
उधर, मंगलवार की देर शाम कोरोना संक्रमण फैलाने और चोरी की अफवाह में दो समुदाय के बीच झड़प के बाद गुरुवार सुबह गुमला जिले समेत सिसई में हालात सामान्य बने हुए हैं। बता दें कि झड़प में एक युवक की मौत हो गई थी जबकि दो अन्य को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था। बुधवार को प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए लॉकडाउन को पूरी तरह से प्रभावी कर दिया था। किसी भी तरह के व्यवसायिक प्रतिष्ठान नहीं खुले थे।