Home News कोरबा में एक और पॉजिटिव, तब्लीगी किशोर के संपर्क में था; सिंहदेव...

कोरबा में एक और पॉजिटिव, तब्लीगी किशोर के संपर्क में था; सिंहदेव ने कहा- 14 दिन और बढ़े लॉकडाउन…

18
0

रायपुर. छत्तीसगढ़ में कोरोना का एक और मरीज मिला है। कटघोरा में 52 वर्षीय अधेड़ में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। वह एम्स में भर्ती तब्लीगी जमाती 16 वर्षीय किशोर के संपर्क में था। इस वजह से दो दिन पहले उनके स्वाब का सैंपल जांच के लिए लिया गया था। बुधवार रात रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे देर रात रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। इसे मिलाकर राज्य में कोरोना के मरीजों की संख्या 11 हो गई है। इनमें से 9 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 


तब्लीगी किशोर के संपर्क में आए सभी लोगों को किया गया है क्वारैंटाइन
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कटघोरा में तब्लीगी किशोर के संपर्क में आए लोगों को संदिग्ध मानते हुए क्वारैंटाइन कर दिया गया था। दो दिन पहले सभी के सैंपल जांच के लिए गए थे। अधेड़ की रिपोर्ट आने के बाद से उनके परिवार को भी सरकारी क्वारैंटाइन भेज दिया गया है। तब्लीगी जमात से लौटे प्रदेश के 170 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरबा से अब तक 3 मरीज हो चुके हैं। इसके अलावा रायपुर से 5, राजनांदगांव, भिलाई और बिलासपुर से एक-एक मरीज मिले हैं।


स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- लॉकडाउन खोलने में जल्दबाजी ठीक नहीं
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने लॉकडाउन की अवधि 14 दिन के लिए और बढ़ाने की सिफारिश की है। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य विभाग से लॉकडाउन हटाने के संबंध में अभिमत मांगा था। देर रात 11वां मरीज मिलने के बाद सिंहदेव ने ट्वीट कर कहा- इसीलिए कह रहा हूं। लॉकडाउन खोलने में जल्दबाजी न हो। हमें और भी परीक्षण की जरूरत है।