Home News चाईबासा नरसंहार मामले में दो और अभियुक्त जेल भेजे गए, अब तक...

चाईबासा नरसंहार मामले में दो और अभियुक्त जेल भेजे गए, अब तक 17 आरोपी गिरफ्तार हो चुके…

3
0

पश्चिम सिंहभूम जिले के गुदड़ी थानाक्षेत्र के बुरूगुलीकेरा उपमुखिया समेत 7 लोगों की नृशंस तरीके से हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में अब तक 17 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

इससे पहले रविवार को पत्थलगड़ी नेता पूर्व मुखिया पति राणसी बूढ़ और ग्रामीण मुंडा सुखराम बूढ़ काे पकड़ा गया था। सोमवार की शाम बुरूगुलीकेरा के तंगसरजोम टोला निवासी अभियुक्त प्रभुसहाय टोपनो (62 वर्ष) और बुरूगुलीकेरा के डाकेदा टोला निवासी अभियुक्त दाऊद लुगुन (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया था। अब तक जेल भेजे गए सभी अभियुक्त बुरुगुलीकेरा गांव के हैं। 

नरसंहार से पहले भागे दो लोग 9 दिन बाद लौटे
बुरुगुलीकेरा नरसंहार से ठीक पहले ग्रामसभा की बैठक से बचकर भागे दो ग्रामीण घुसरू बूढ़ और सुकरा बूढ़ 9 दिन बाद मंगलवार को गांव लौट आए। ये दोनों पुलिस सुरक्षा में हैं। ये दाेनाें उन 9 ग्रामीणाें में शामिल हैं, जिन्हें घरों में तोड़फोड़ करने के आरोप में ग्रामसभा में बुलाया गया था। इनके फरार होने के बाद पत्थलगड़ी समर्थकों ने बाकी सात लोगों की हत्या कर दी थी। साथ ही उनके सिर काटकर जंगल में फेंक दिए थे।

19 जनवरी को हुआ था उपमुखिया समेत सात की हत्या
बुरूगुलीकेरा गांव में 19 जनवरी रविवार को पत्थलगड़ी समर्थकों ने ग्रामसभा कर पत्थलगड़ी विरोधी उपमुखिया जेम्स बूढ़ समेत सात ग्रामीणों की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद गांव के पास जंगल में ले जाकर सातों का गला काटकर सिर धड़ से अलग कर फेंक दिया था। पुलिस ने 22 जनवरी को सातों शवों को बरामद कर इस मामले में पूर्व मुखिया पति राणसी बूढ़, जितेंद्र बूढ़ और कोंजे बूढ़ को हिरासत में ले लिया था। इन तीनों आरोपियों और मृतक के परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शुक्रवार को 12 जबकि रविवार को तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था। सभी अभियुक्तों के खिलाफ गुदड़ी थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

पुलिस ने अब तक इन अभियुक्तों को भेजा है जेल

  • सुखराम बुढ़ (50 वर्ष)
  • राणसी बुढ़ (52 वर्ष)
  • मनसुख बुढ़ (55 वर्ष)
  • जीतेन्द्र बुढ़ (45 वर्ष)
  • कोंजे बुढ़ (51 वर्ष)
  • टीपरु बुढ़ (45 वर्ष)
  • जयसिंह बुढ़ (50 वर्ष)
  • बुधुवा बुढ़ (50 वर्ष)
  • मानव बुढ़ (50 वर्ष)
  • बुधुवा बुढ़ उर्फ बुधुवा मुंडा (28 वर्ष)
  • सुरसेन बुढ़ (25 वर्ष) 
  • हेरमन बुढ़ (19 वर्ष) 
  • नागु बुढ़ (25 वर्ष) 
  • कौंजे लुगून (29 वर्ष) 
  • सनिका लुगून (55 वर्ष) 
  • प्रभुसहाय टोपनो (62 वर्ष)
  • दाऊद लुगुन (22 वर्ष)

बुरुगुलीकेरा में ढाई एकड़ में बनेगा पुलिस कैम्प
नरसंहार की घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था स्थापित करने के लिए गुलीकेरा पंचायत भवन के सामने पुलिस पिकेट निर्माण के लिए जमीन चिन्हित किया जा रहा है। यहां ढाई एकड़ में पुलिस पिकेट बनेगा। अभी तत्काल गुलीकेरा पंचायत भवन में बनाये गये कैंप में झारखंड जगुआर की दो कंपनी की तैनाती की गयी है। इसके अलावा कैंप में आधारभूत संरचना के लिए गुलीकेरा पंचायत भवन में चारदीवारी निर्माण के लिये मापी की गई है। पुलिस कैम्प के जवानों के लिए 10 शौचालय का निर्माण के लिए भी यहां जमीन का चयन किया गया है। मंगलवार को अंचल कार्यालय के कर्मियों ने पुलिस कैम्प निर्माण के लिये जगह चिन्हित कर मापी की गई।