कांकेर। छत्तीसगढ़ में हो रही धान खरीदी के मामलें पर अब नक्सलियों ने भी किसानों के समर्थन में अपनी मांग रखी है। नक्सलियों ने कांकेर के पास बैनर पोस्टर लगाकर अपनी इस मांग को राज्य सरकार तक पहुंचाने की पहल की है। माओवादियों ने वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा घोषित धान के समर्थन मूल्य को 1815 से बढ़ाकर 2500 रुपए करने की मांग की है। वही इसमें 400 बोनस दिए जाने की मांग भी नक्सलियों ने की है। माओवादियों ने कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र से महज 1 किलोमीटर की दूरी पर यह बैनर पोस्टर लगाए है। जिसमें उन्होंने धान के समर्थन मूल्य को बढ़ाने के लिए सरकार को कहा है। पोस्टर में इस बात का उल्लेख किया गया है कि वर्तमान सरकार धान का समर्थन मूल्य 2500 और बोनस 400 किसानों को दे। इसके पहले भी नक्सलियों ने धान को 2500 में खरीदे जाने की बात कही थी और अब ऐसा नहीं करने पर जनअदालत लगाकर सजा देने की धमकी भी दी थी।
इधर कांकेर जिले में मिले इस बैनर पोस्टर से दहशत का माहौल बन गया है। धान खरीदी केंद्रों में तैनात अफसरों ने इस मामले पर भी जिला प्रशासन से चर्चा करने की बात कही है। वही धान खरीदी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग करने पर भी अफसर विचार-विमर्श कर रहे है।