एसएसबी व धनगांई पुलिस ने पकड़ा 27 हजार नकद और दो पहिया वाहन बरामद संवाद सूत्र बाराचट्टी
प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा-माओवादी का हार्डकोर सदस्य राजेश यादव को एसएसबी ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। वह धनगाई थाना क्षेत्र के पोखरिया का रहने वाला है। 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बीबी पेसरा कैंप के सहायक सेना नायक नागेश्वर दास के नेतृत्व में उसकी गिरफ्तारी की गई। उन्होंने बताया कि नक्सली राजेश यादव झारखंड के गुब्बे जगंल में झुमर तालाब के पास नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के साथ हुए मुठभेड़ में शामिल था। वशिष्ट नगर पुलिस को राजेश की बहुत दिनों से तलाश थी। उन्होंने बताया कि राजेश बाइक से सोभ बाजार जा रहा था। बाजार में सिविल कपडे़ में जवानों ने पीछा किया तो वह एक सिलाई दुकान पर छिप गया। जहा हमलोगों ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 26 हजार 950 रुपये, बाइक व मोबाइल बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि राजेश के घर भाकपा-माओवादी के शीर्ष नेताओं का आना जाना होता है।
राजेश की तलाश बिहार और झारखंड पुलिस को बहुत दिनों से थी। पकड़े गए नक्सली को वशिष्ट नगर पुलिस अपने साथ लेकर गई है। गिरफ्तार करने वाली टीम में धनगाई थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार एवं वशिष्टनगर थाना प्रभारी राजीव रंजन शामिल रहे।