छत्तीसगढ़ में दशहरा पर्व को लेकर कई मान्यताएं प्रचलित हैं। राज्य के कई इलाकों में दशहरे का त्योहार एक अलग अंदाज में मनाया जाता है। विश्व प्रसिद्ध और देश में सबसे ज्यादा दिनों तक चलने वाले बस्तर के दशहरा का संबंध न तो रावण से है और न ही भगवान राम से। बस्तर दशहरा में मां दंतेश्वरी की पूजा होती है। रथयात्रा निकाली जाती है। इस त्योहार में 21 रस्में होती हैं। सर्व आदिवासी समाज के महिला विंग की पूर्व अध्यक्ष शांति सलाम ने बताया कि बस्तर का दशहरा रामायण से नहीं बल्कि जगन्नाथ पुरी में होने वाली रथयात्रा से प्रेरित है। मान्यता है कि 600 साल पहले बस्तर के राजा को पुरी में आशीर्वाद मिला था, इसके बाद उन्होंने यहां आकर इसकी शुरुआत की।