कांकेर-धमतरी सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच सुबह से चल रही मुठभेड़ खत्म हो गई है। जवान बार्डर से लगते कट्टी गांव में सूचना पर मंगलवार तड़के पहुंचे थे। मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गई है। उसके शव के पास से जवानों ने हथियार व अन्य सामान बरामद किया है। मारी गई महिला नक्सली के सीतानदी दलम कमांडर सीमा मंडावी होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस बल के साथ ई-30 टीम के जवान भी मुठभेड़ में शामिल
- जानकारी के मुताबिक, मंगलवार तड़के करीब 4 बजे छत्तीसगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि धमतरी-कांकेर सीमा से लगते कट्टी गांव में बड़ी संख्या में नक्सली एकत्र हैं। इस पर जिला पुलिस के साथ ई-30 टीम के जवानों को मौके पर भेजा गया। गांव के करीब पहुंचते ही नक्सलियों ने जवानों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने भी फायरिंग की। करीब 4 घंटे दोनों ओर से चली फायरिंग में जवानों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया।
- मारी गई महिला नक्सली के बारे में बताया जा रहा है कि वह सीतानदी दलम कमांडर सीमा मंडावी हो सकती है। हालांकि अभी इस बारे में कोई पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि मौके पर 15 से 18 की संख्या में नक्सली मौजूद थे। फायरिंग करते हुए वह जंगल की ओर भागे। इस दौरान जवानों ने उनका पीछा किया। बताया जा रहा है कि मुठभड़े खत्म हो गई है। हालांकि मौके पर गए जवान अभी तक लौटे नहीं हैं। हालांकि गांव से जवानों ने बड़ी मात्रा में हथियार और नक्सलियों के सामान बरामद किए हैं।