राजनांदगांव। जिला राजनांदगांव के थाना लालबाग पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और छेड़छाड़ के मामले में उत्कृष्ट और त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 2 घंटे के भीतर अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही, इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह था पूरा मामला
बीती 31 अक्टूबर 2026 को एक प्रार्थी ने थाना लालबाग आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
माम की गंभीरता को देखते हुए थाना लालबाग में तत्काल अपराध क्रमांक 471/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित एक्शन
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में थाना लालबाग पुलिस ने फौरन एक्शन लिया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 31 अक्टूबर 2026 को ही पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ और जांच के दौरान मामले में धारा 74 बीएनएस और 8 पाक्सो (POCSO) एक्ट जोड़ी गई।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
नाबालिग पीड़िता को अपने घर में रखकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी निखिल कसार (पिता पवन कसार, उम्र 22 वर्ष, निवासी ब्लॉक नंबर 07, इस्कान सिटी, रेवाडीह, थाना लालबाग, राजनांदगांव) को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश जांगड़े, उपनिरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक शारदा बंजारे, सहायक उपनिरीक्षक ए.पी. शीला, प्रधान आरक्षक अनिल नेताम, आरक्षक कमल किशोर यादव और महिला आरक्षक कुंती कंवर की भूमिका बेहद सराहनीय रही।



