राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर 2 नवंबर को जिला मुख्यालय राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंद राम निर्मलकर ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला एवं परंपराओं को समर्पित इस गरिमामय समारोह में लोकप्रिय लोकगायक निलेश जोगी अपनी सुमधुर गायन प्रस्तुति से समां बांधेंगे।
लोकगायक निलेश जोगी की प्रस्तुति होगी मुख्य आकर्षण
आयोजन में छत्तीसगढ़ी माटी की महक से सराबोर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। लोकगायक निलेश जोगी पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकगीतों, भक्तिमय जसगीतों और कालजयी पुराने लोक संगीत की प्रस्तुति देंगे। उनके गीतों के माध्यम से दर्शकों को छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत एवं ग्रामीण जीवन की सजीव झलक देखने और सुनने को मिलेगी। यह प्रस्तुति संगीत प्रेमियों को अपनी माटी और संस्कृति से गहरे से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगी।
सांस्कृतिक रंग, प्रदर्शनी और व्यंजनों का संगम
राज्योत्सव के मंच पर स्कूली बच्चों द्वारा भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा आयोजन स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
दर्शकों के स्वाद और मनोरंजन के लिए पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉल और फूड कोर्ट भी विशेष रूप से सजाए जा रहे हैं। राज्योत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और लोककला को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसकी शाम लोकगायक निलेश जोगी के सुरों से सराबोर होगी।



