Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन और थाना-चौकियों में देखा गया परेड...

राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन और थाना-चौकियों में देखा गया परेड का लाइव प्रसारण

2
0

राजनांदगांव। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के उपलक्ष्य में गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) से प्रसारित एकता दिवस परेड को राजनांदगांव जिला पुलिस द्वारा गरिमामय ढंग से देखा गया। पुलिस लाइन सहित जिले के सभी थानों और चौकियों में परेड के सीधे प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) की विशेष व्यवस्था की गई थी।

आईजी और एसपी की मौजूदगी में देखा गया प्रसारण
पुलिस लाइन राजनांदगांव में आयोजित मुख्य लाइव प्रसारण कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक (राजनांदगांव रेंज) अजय यादव, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर व श्रीमती मंजुलता बाज, नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री सुमन जायसवाल, एम्ब्रोस कुजूर, के.पी. मरकाम, सत्यप्रकाश तिवारी तथा रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त, एसपी कार्यालय में डीएसपी के.पी. मरकाम व स्टाफ ने, तथा अनुविभाग डोंगरगढ़ में एसडीओपी केशरीनंदन नायक और उनके अधीनस्थ स्टाफ ने लाइव प्रसारण में सहभागिता की। जिले की सभी थाना व चौकी प्रभारियों एवं जवानों ने भी अपने-अपने परिसरों में एक साथ प्रसारण देखा।

‘नक्सल मुक्त भारत’ थीम पर केंद्रित रहा आयोजन
इस वर्ष एकता दिवस परेड की मुख्य थीम “नक्सल मुक्त भारत” रखी गई थी। इस थीम के जरिए देश से नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन, आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा शांतिपूर्ण व सुरक्षित भारत के निर्माण का सशक्त संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र निर्माण तथा देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में सरदार वल्लभभाई पटेल के अतुलनीय योगदान को याद किया गया।

देश की सुरक्षा और अखंडता का लिया संकल्प
प्रसारण देखने के पश्चात उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता व आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने तथा नक्सलवाद के खात्मे के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण से कार्य करने का संकल्प लिया।

इस आयोजन के जरिए पुलिस बल में अनुशासन, समन्वय, एकजुटता और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को बल मिला। जिला पुलिस राजनांदगांव ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और नक्सल मुक्त भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।