मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की जनसेवा की मंशा के अनुरूप संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण का सशक्त माध्यम बन रही है। इसी क्रम में मोहला तहसील अंतर्गत ग्राम पदाटोला निवासी श्री संजय कुमार गोटा की एग्रीस्टैक से संबंधित समस्या का सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से त्वरित निराकरण किया गया।
श्री संजय कुमार गोटा ने बताया कि एग्रीस्टैक में उनका मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने के कारण उन्हें ओटीपी प्राप्त नहीं हो रहा था। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई।
श्री गोटा ने मोहला तहसील पहुंचकर तहसीलदार के समक्ष आवश्यक आवेदन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात उनका मोबाइल नंबर एग्रीस्टैक में लिंक कर दिया गया, जिससे उनकी समस्या का समाधान हो गया।
समस्या के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण पर श्री संजय कुमार गोटा ने सीएम हेल्पलाइन 1076 एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का समय पर समाधान हुआ, जिससे उन्हें काफी राहत मिली।



