राजनांदगांव। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रेंज राजनांदगांव श्री अजय कुमार यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज के सभी जिलों के नगर पुलिस अधीक्षकों (CSP) और पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों (SDOP) की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में अनुभागवार लंबित अपराधों, चालानों, मर्ग, गुम इंसान, शिकायती आवेदनों और विभिन्न प्रशासनिक व विभागीय कार्यों की एजेंडावार विस्तृत समीक्षा की गई।
आईजी श्री यादव ने पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विवेचना (जांच) की गुणवत्ता में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि पुलिस कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही तय की जाए। साथ ही, लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग और शिकायतों पर पूरी तरह से विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लापरवाही बरतने वालों पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को मजबूत करना और पुलिसिंग में कसावट लाना रहा। आईजी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि पुलिस कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्तव्य में हीलाहवाली बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में राजनांदगांव रेंज के जिलों के आला अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान—
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव: श्री कीर्तन राठौर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कबीरधाम: श्री हेमसागर सिदार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई: श्री रूपेश कुमार दान्डे
इसके अलावा राजनांदगांव, कबीरधाम, केसीजी और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के समस्त पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) तथा पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गीता वाधवानी एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नवी मोनिका पांडे उपस्थित रहीं।



