राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगढ़ परिसर में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित कर दिया गया है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा आपातकालीन सेवाओं के लिए आवागमन और अधिक सुगम हो गया है। विकासखंड चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगढ़ के मुख्य पार्किंग क्षेत्र में आवश्यक रखरखाव (मेंटेनेंस) कार्य किए जाने के कारण अस्थायी रूप से अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने बताया कि रखरखाव कार्य पूर्ण होने के बाद पार्किंग व्यवस्था को पुन: व्यवस्थित कर दिया गया है। वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का मुख्य प्रवेश द्वार पूरी तरह साफ एवं खाली है। जिससे मरीजों, आगंतुकों तथा आपातकालीन वाहनों की आवाजाही निर्बाध रूप से हो रही है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने तथा परिसर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।



