Home छत्तीसगढ़ नेता प्रतिपक्ष पहले अपनी जवाबदेही तय करें, फिर घुमका की जनता के...

नेता प्रतिपक्ष पहले अपनी जवाबदेही तय करें, फिर घुमका की जनता के जनादेश पर टिप्पणी करें-रवि सिन्हा…

2
0

राजनांदगांव। घुमका नगर पंचायत चुनाव परिणाम पर नेता प्रतिपक्ष द्वारा दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा पार्षद रवि सिन्हा ने कहा है कि किसी भी जनप्रतिनिधि को राजनीतिक टिप्पणी करने से पहले यह आत्ममंथन करना चाहिए कि उसकी जवाबदेही अपने निर्वाचन क्षेत्र की जनता और उनके विकास के प्रति है या केवल अनर्गल प्रलाप करना उसका उद्देश्य रह गया है।

रवि सिन्हा ने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं, विकास कार्यों और राजनांदगांव नगर निगम क्षेत्र में अपनी भूमिका पर गंभीरता से ध्यान देते तो जनता को अधिक लाभ मिलता। केवल भाजपा की आलोचना कर राजनीतिक सुर्खियां बटोरने का प्रयास करना उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भाजपा को कमजोर बताने से पहले घुमका नगर पंचायत चुनाव के वास्तविक आंकड़ों पर भी नजर डाल लें। नगर पंचायत के 15 वार्डों में से 10 वार्डों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार विजय प्राप्त कर अपना परचम लहराया है, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष पद पर जीत के बावजूद पूरे नगर पंचायत में अपना बहुमत सिद्ध नहीं कर सकी है। ऐसे में भाजपा के जनाधार पर सवाल उठाना तथ्यों से परे और जनता के निर्णय का अपमान है।

सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस को लोकतंत्र की बात करने से पहले अपने शासनकाल को याद करना चाहिए। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव नगर निगम में लोकतांत्रिक परंपराओं को दरकिनार करते हुए पार्षदों के माध्यम से महापौर चुनने की व्यवस्था लागू करने का प्रयास किया था, जिसे जनता ने लोकतंत्र की भावना के विपरीत माना। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र में पूर्ण विश्वास रखती है और जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों की सर्वोच्चता को स्वीकार करती है।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा भी सत्ता के बल पर राजनीतिक गणित बैठाने की सोच रखती तो नगर पंचायत अध्यक्ष का पद प्राप्त करना कोई कठिन कार्य नहीं था, लेकिन भाजपा ने सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों, जनमत और संवैधानिक परंपराओं का सम्मान किया है। यही कारण है कि पार्टी जनता के बीच निरंतर मजबूत हो रही है।

उन्होंने कहा कि घुमका चुनाव का परिणाम भाजपा के लिए आत्ममंथन का विषय अवश्य हो सकता है, लेकिन कांग्रेस के लिए इसे अपनी बड़ी राजनीतिक उपलब्धि बताना वास्तविकता से कोसों दूर है। जिस नगर पंचायत में भाजपा को दो-तिहाई वार्डों में जनता का समर्थन मिला हो, वहां कांग्रेस द्वारा भाजपा को जनता का आईना दिखाने जैसी बातें केवल राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के विश्वास, विकास और सुशासन के एजेंडे पर आगे बढ़ती रहेगी। घुमका सहित पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय हैं और आने वाले समय में संगठन और अधिक मजबूती के साथ जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएगा।

सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष को सलाह दी है कि वे पहले अपने क्षेत्र की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करें और उसके बाद अन्य क्षेत्रों के जनादेश पर टिप्पणी करें। लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है और उसका सम्मान करना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है।