Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON 280 से अधिक दिव्यांगों व बुजुर्गों को बांटे गए सहायक उपकरण

280 से अधिक दिव्यांगों व बुजुर्गों को बांटे गए सहायक उपकरण

2
0

राजनांदगांव। समाज कल्याण विभाग द्वारा राजनांदगांव के सामर्थ्य शासकीय बौद्धिक मंदता वाले बालक-बालिकाओं के विशेष विद्यालय परिसर में पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से 280 से अधिक हितग्राहियों को 30 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जीवन सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद महापौर मधुसूदन यादव ने उपकरण प्राप्त करने वाले सभी दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये सहायक उपकरण दिव्यांगों और बुजुर्गों के जीवन को सुगम बनाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। महापौर ने संतोष जताते हुए कहा कि बीते एक वर्ष के भीतर जिले में बड़ी संख्या में पात्र हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं, जो जरूरतमंदों का जीवन स्तर सुधारने की दिशा में एक बड़ा कदम है। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने भी संबोधित किया।

सीएसआर मद से आयोजित हुए मूल्यांकन शिविर
उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली मरडवार ने बताया कि भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) तथा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (एआईसी) के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) मद के तहत जिले के सभी विकासखंडों, नगर पंचायतों और नगरीय निकायों में पहले मूल्यांकन शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों के आधार पर ही पात्र दिव्यांगों और बुजुर्गों का चयन कर उन्हें सामग्री वितरित की गई है।

उन्होंने बताया कि बीते 1 वर्ष में आयोजित विभिन्न शिविरों के माध्यम से जिले में लगभग 1.5 करोड़ रुपये के सहायक उपकरण हितग्राहियों को बांटे जा चुके हैं।

शिविर में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद:
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शीला सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकुमारी साहू, पार्षद शिव वर्मा, पार्षद शैंकी बग्गा, समाजसेवी गौतम पारख, हेमंत तिवारी, प्रकाश सांखला, एलिम्को के राज्य समन्वयक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।