Home छत्तीसगढ़ CG: होली पर्व के मद्देनज़र राजनांदगांव पुलिस की सख्त कार्रवाई…

CG: होली पर्व के मद्देनज़र राजनांदगांव पुलिस की सख्त कार्रवाई…

1
0

👉होली पर्व के मद्देनज़र राजनांदगांव पुलिस की सख्त कार्रवाई

👉आपत्तिजनक/भ्रामक मुखौटों की जप्ती एवं वैधानिक कार्यवाही

होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा संपूर्ण जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में सघन जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान ऐसी दुकानों की जांच की गई, जहां भ्रामक, भय उत्पन्न करने वाले अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले मुखौटे एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री का विक्रय किया जा रहा था। इस प्रकार  जिले भर मे 179 दुकानों को चेक किया गया,

जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानों से आपत्तिजनक मुखौटे जप्त कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी प्रकार की ऐसी सामग्री का विक्रय न करें, जिससे सामाजिक सौहार्द, शांति व्यवस्था अथवा जनभावनाएं प्रभावित हों।

राजनांदगांव पुलिस की विशेष अपील एवं निर्देश

1 शराब पीकर वाहन चलाने, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाने एवं सायलेंसर से पटाखा जैसी आवाज निकालने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही कर वाहन जप्त किया जाएगा। वाहन माननीय न्यायालय में चालान प्रस्तुत किए जाने के पश्चात ही सुपुर्द किए जाएंगे।

2 साउंड सिस्टम का उपयोग सुप्रीम कोर्ट  के आदेशानुसार निर्धारित ध्वनि सीमा के अंतर्गत ही किया जाएगा। अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले साउंड सिस्टम संचालकों के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी।

3 फाग प्रतियोगिता या अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में साउंड सिस्टम के उपयोग हेतु संबंधित एसडीएम से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

4 जबरन चंदा वसूली न की जाए, किसी भी व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध रंग न लगाया जाए तथा प्रतिबंधित रंगों का उपयोग न किया जाए।

5 सार्वजनिक मार्गों पर पत्थर अथवा अन्य अवरोधक न रखें। विद्युत लाइन/खंभों, ट्रांसफार्मर, टेलीफोन खंभों, डामर सड़क या मुख्य मार्ग/चौराहों के मध्य होलिका दहन न किया जाए।

6 होलिका दहन घरों से दूर सुरक्षित स्थान पर किया जाए तथा रात्रि 12:00 बजे तक पूर्ण किया जाए।

7 पर्यावरण संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए ईमारती लकड़ी, फलदार एवं हरे वृक्षों की लकड़ी का उपयोग न कर गोबर के कंडों से होलिका दहन करने की अपील की गई है।

8 सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी प्रकार का भ्रामक/दुष्प्रचारित संदेश प्रसारित न किया जाए। समाज के जिम्मेदार नागरिकों से भी समझाइश देने का आग्रह किया गया है।

आमजन से अपील

जिला पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि होली पर्व को प्रेम, भाईचारे एवं आपसी सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून उल्लंघन की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें।

आपातकालीन संपर्क नंबर

  • डायल – 112
  • पुलिस कंट्रोल रूम – 07744-286622
  • मोबाइल – 9479192199

राजनांदगांव पुलिस की शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत निगरानी एवं कार्यवाही जारी रहेगी।

–00–