डोंगरगढ़। 15वीं वित्त आयोग की राशि लंबित होने से नाराज सरपंच संघ ने बुधवार को जनपद पंचायत कार्यालय में ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया। सरपंचों का कहना है कि पिछले 11 माह से राशि का भुगतान नहीं होने के कारण ग्राम पंचायतों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ताला जड़े जाने की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं जनपद पंचायत के सीईओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सरपंचों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद ताला खुलवाया गया। इसके पश्चात तहसील कार्यालय में अधिकारियों और सरपंच संघ के पदाधिकारियों के बीच बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि प्रदेशभर की पंचायतों में 15वीं वित्त की राशि पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं होने के कारण भुगतान लंबित है। तकनीकी कारणों से उत्पन्न इस समस्या के समाधान का आश्वासन अधिकारियों द्वारा दिया गया। जानकारी मिलने के बाद सरपंचों ने कुछ राहत महसूस की।
ज्ञात हो कि सरपंच संघ ने पूर्व में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर तीन दिवस के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया था। मांग पूरी नहीं होने पर बुधवार को जनपद कार्यालय में ताला जड़कर विरोध जताया गया।
इस दौरान सरपंच संघ अध्यक्ष कैलाश उईके, लोचन वर्मा, तोरण नाथ, मदनलाल देवांगन, भोजराम, कमलेश वर्मा, ओमप्रकाश लीलहारे, इंद्रजीत साहू, चमेली बाई, अश्वनी कुमार, कविता मंडावी, माहेश्वरी यादव, अंजलि पड़ोती, नारायणी मंडावी, उत्तरा पीतांबर सिंहा, संजय उईके सहित अन्य सरपंच उपस्थित रहे।



