केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत-अमेरिका के बीच हुआ व्यापार समझौता अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के सहयोग के बिना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रयास में सर्जियो गोर की व्यक्तिगत रूप से अहम भूमिका रही।
इस दौरान उन्होंने हाल ही में खेले गए भारत और अमेरिका (India-US T20) मैच के परिणाम को लेकर भी चुटकी ली।
गोयल ने मजाकिया लहजे में कहा कि अगर अमेरिका ने अपने जवाबी टैरिफ को शून्य फीसदी कर दिया होता तो शायद वह भारत के खिलाफ मैच जीत जाता। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, ‘सर्जियो मैच का आनंद लेने के लिए वहां थे… सर्जियो ने एक बहुत महत्वपूर्ण फैक्टर बताया – अमेरिका 18% से हार गया और मैंने उनसे एक विनम्र अनुरोध किया। एक सुझाव के तौर पर कि अगर आपने जवाबी टैरिफ को शून्य कर दिया होता तो शायद आप मैच जीत जाते।’
इस पर उपस्थित मेहमान हंसे और तालियां बजाईं। पीयूष गोयल ने इस मौके पर कहा कि अमेरिका ने क्रिकेट खेलना कुछ साल पहले ही शुरू किया है। ऐसे में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा।
नई दिल्ली में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अपने आवास पर एक स्वागत समारोह आयोजित किया। इसमें वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत कई दिग्गज हस्तियों ने भाग लिया। यह बैठक भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के लिए पिछले सप्ताह घोषित रूपरेखा जारी होने के बाद हुई।
इस स्वागत समारोह के दौरान अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा, ‘व्हाइट हाउस भारत पर फोकस कर रहा है। हमारे राष्ट्रपति भारत पर ध्यान दे रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप की पीएम मोदी के साथ दोस्ती की बदौलत हम व्यापार सौदा करने में सक्षम हुए।’ उन्होंने एक नए अंतरिम ट्रेड फ्रेमवर्क के बीच भारत पर व्हाइट हाउस के फोकस की बात कही। भारत ने अमेरिकी वस्तुओं पर टैरिफ कम किया है। वहीं, अमेरिका ने भारतीय सामानों पर टैरिफ घटाकर 18% कर दिया है। पहले यह 50% था।
भारत और अमेरिका मैच
विश्व कप के शुरूआती मैच में भारत ने अमेरिका को 29 रन से हराकर अपना अभियान शुरू किया था। कप्तान सूर्यकुमार यादव की दबाव में खेली गई 84 रन की नाबाद पारी के बाद मोहम्मद सिराज के तीन विकेट ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई थी। खिताब के प्रबल दावेदार भारत के लिए सूर्यकुमार अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में दबाव भरी परिस्थिति में संभलकर खेलते हुए अंत तक डटे रहे। उन्होंने 49 गेंद की नाबाद पारी में 10 चौके और चार छक्के जड़े।
इससे शीर्ष और मध्यक्रम में सामूहिक बल्लेबाजी नाकामी के बावजूद भारत नौ विकेट पर 161 रन बनाने में कामयाब रहा क्योंकि विकेटों के गिरने से एक समय ऐसा लग रहा था कि पारी बहुत जल्दी खत्म हो जाएगी।
इस लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन ही बना सकी। उसके लिए संजय कृष्णमूर्ति और शुभम रंजने ने 37-37 रन तथा मिलिंद कुमार ने 34 रन बनाए।
भारत के नई गेंद के गेंदबाज अर्शदीप सिंह (18 रन देकर दो विकेट) और सिराज ने अच्छी शुरूआत की जिससे अमेरिका की टीम 10 ओवर में तीन विकेट पर 49 रन ही बना सकी। भारतीय टीम के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के अस्वस्थ होने के कारण सिराज को अंतिम एकादश में शामिल किया गया था।
पाकिस्तान से खेलेगा मैच
पाकिस्तान सरकार ने मैच के बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया है। अब 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान (India Pakistan t20) के बीच T20 मैच खेला जाएगा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने इससे पहले जारी एक बयान में पाकिस्तान से क्रिकेट के हित में यह मैच खेलने का अनुरोध किया था। इसके बाद ही स्पष्ट हो गया था कि पाकिस्तान यह मैच खेलेगा।



