Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON शहर में नो पार्किंग की अवहेलना करने वाले वाहनों पर पुलिस की...

शहर में नो पार्किंग की अवहेलना करने वाले वाहनों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

2
0

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में अति0 पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नो पार्किंग और अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में अग्रवाल ट्रांसपोर्ट तिराहा से लेकर पुराना बस स्टैण्ड चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, रेल्वे स्टेशन रोड, भगत सिंह चौक, महावीर चौक, गुरूद्वारा चौक, नया बस स्टैण्ड, अम्बेडकर चौक, मनोकामना से आर.के. नगर चौक तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों पर लॉक लगाकर मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत जुर्माना वसूला गया।

नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े दुपहिया वाहनों को क्रेन से हटाया गया। काले शीशे वाले एक चारपहिया वाहन पर धारा 100 के तहत 2,000 रुपये जुर्माना वसूला गया। कुल मिलाकर नो पार्किंग में खड़े 30 वाहनों पर कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन को सर्विस रोड या अन्य जगहों पर न पार्क करें। निर्धारित पार्किंग स्थल, सफेद पट्टी वाले स्थान और फ्लाईओवर के नीचे ही वाहन खड़ा करें ताकि आमजन की आवाजाही बाधित न हो। साथ ही शहर के कारोबारियों से आग्रह किया गया कि मालवाहक वाहनों में लोडिंग-अनलोडिंग जिला दंडाधिकारी द्वारा निर्धारित समय के अनुसार ही करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी और यातायात नियमों का पालन न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।