डोंगरगढ़। विधानसभा ग्रामीण अंचल की सड़कों की जर्जर स्थिति और किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने डोंगरगढ़-ढारा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया। यह प्रदर्शन विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में हुआ, जिसमें क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर आक्रोश व्यक्त किया गया।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि, “जब से प्रदेश में भा.ज.पा. की सरकार आई है, तब से प्रदेश का किसान, युवा, मजदूर और महिलाएं परेशान हैं। सरकार किसानों का धान नहीं खरीद पा रही है और उन्हें रखबा समर्थन जैसे मुद्दों पर भी कोई राहत नहीं दी जा रही है। साथ ही, ग्रामीणों की जीविका का साधन मनरेगा जैसी योजनाओं को भी बंद कर दिया गया है।”
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि क्षेत्र की सड़कों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि ग्रामीणों को आवागमन में अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं मिल रहा है।
राज्यपाल के नाम ज्ञापन में कांग्रेस ने बताया कि डोंगरगढ़-खैरागढ़ मुख्य मार्ग, काम कातलवाड़ी पहुंच मार्ग, ठेलकाडीह से छपारा मार्ग पर अनगिनत गड्ढे हो गए हैं, जो संचालन योग्य नहीं हैं। इसके अलावा, शिवपुरी क्षेत्र के बाखलेडी से बलदेव टोला जाने वाले मार्ग में एक बड़ा नाला है, जो बरसात के दौरान पूरी तरह से आवागमन को बाधित कर देता है। ग्रामीणों को दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुएं लाने में काफी परेशानी होती है, जिसके लिए पुल निर्माण की मांग की गई है।
इस दौरान, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष नवाज खान, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष पंचराम चंदेल, नरेंद्र वर्मा, गोकरण कोसले, गोवकुल वर्मा, फिरंगी पटेल और अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने जर्जर सड़कों के शीघ्र निर्माण और पुल की मांग को लेकर एकजुट होकर प्रदर्शन किया।



