Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON डोंगरगढ़ में भव्य श्रीमद् भागवत कथा एवं द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर प्राण प्रतिष्ठा...

डोंगरगढ़ में भव्य श्रीमद् भागवत कथा एवं द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

3
0

डोंगरगढ़। देवाधिदेव महादेव की कृपा से आगामी 9 फरवरी से 15 फरवरी तक नगर में श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर के निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत की कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त होगा।

कथा में श्रीमद् भागवत महात्म्य, भक्त प्रह्लाद चरित्र, ध्रुव चरित्र, शिव–सती प्रसंग, भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएँ, गोवर्धन पूजा, होली उत्सव, कंस वध, रुक्मिणी विवाह जैसे अनेक दिव्य प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।

कथा के समापन दिवस पर सुदामा चरित्र, व्यास पूजा एवं भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इसके अलावा, 13 फरवरी (शुक्रवार) को वैदिक विधि-विधान से अन्नाधिवास, जलाधिवास, फलाधिवास एवं शयनाधिवास सम्पन्न होंगे और 15 फरवरी (रविवार) को रुद्राभिषेक, शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा एवं हवन-पूजन किया जाएगा।

यह आयोजन महुआ ग्राउंड, डिपरा पारा, डोंगरगढ़ एवं डिपरा पारा शिव मंदिर तालाब के पास आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन युवा समिति डिपरा पारा एवं महिला समिति वार्ड नं. 23 के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

आयोजन समिति और वार्ड पार्षद एवं नगर पालिका सभापति श्री सुमित ताम्रकार ने नगरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से इस पावन धार्मिक आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।