राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग आरोपी भी शामिल है। यह आरोपी पिछले 8 महीनों से फरार चल रहे थे।
घटना 23 मई 2025 की है, जब प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उसके पति दीपेश ढीमर को जान से मारने की नीयत से हमला किया था। आरोपियों ने उसके पति को हाथ-मुक्का और चाकू से गंभीर चोटें पहुंचाई थीं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 296, 351(2), 191(2), 191(3), 190 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों की लगातार पतासाजी की और 7 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी आकाश मरकाम (19 वर्ष) और भैयालाल महिलांगे (19 वर्ष) सहित एक विधिक रूप से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया, और उन्हें न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जेल वारंट प्राप्त होने के बाद उन्हें जिला जेल राजनांदगांव में दाखिल किया गया।
पुलिस की विशेष कार्यवाही
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, सउनि इसराफिल खान, प्र0आर0 शम्भूनाथ द्विवेदी, आरक्षक राजा बारले, रामनारायण चंदेल, और पूरन लाल वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।



