मोहला। विश्व वेटलैंड दिवस के अवसर पर गत दिवस मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के वन मंडल कार्यालय, मोहला में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी मोहला, वनमंडलाधिकारी बालोद, अनुविभागीय अधिकारी मोहला, अनुविभागीय अधिकारी मानपुर सहित मोहला वन मंडल के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वेटलैंड मित्रों के साथ-साथ 100 से अधिक ग्रामीणों ने भी सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के तहत मोहला वनमंडल कार्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें वेटलैंड क्षेत्रों में किए गए कार्यों एवं भावी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। वनमंडलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि वेटलैंड्स जल चक्र के संतुलन, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने तथा जैव विविधता के संरक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आर्द्रभूमि के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय सहयोग की अपील की।
आर्द्रभूमि संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने हेतु पीएम स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय, मोहला में आर्द्र भूमि एवं जैव विविधता विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वेटलैंड्स के महत्व एवं संरक्षण को अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में प्रथम स्थान सुंदरलाल भुआर्य, द्वितीय स्थान मिथलेश कुमार पोटाई एवं तृतीय स्थान मोहनी साहू को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अभियान के अंतर्गत मोहला तहसील स्थित राजातालाब में वन विभाग, वेटलैंड मित्रों एवं ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत तालाब परिसर की सफाई से हुई, जिसमें कचरा प्रबंधन एवं जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर वेटलैंड मित्रों को सम्मानित किया गया तथा उपस्थित ग्रामीणों को वेटलैंड्स के संरक्षण एवं सतत उपयोग हेतु शपथ दिलाई गई।



