राजनांदगांव। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर शिकंजा कसते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों पर विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त रकम का उपयोग करने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपियों में
1. आवेश खान (24) निवासी गौरी नगर, गली नंबर 01, ओपी चिखली, थाना कोतवाली
2. मुकेश कुमार वैष्णव (28) निवासी दिनदयाल कॉलोनी, कौरिन भांठा, थाना बसंतपुर, राजनांदगांव शामिल हैं।
म्यूल अकाउंट से 1.44 लाख की साइबर ठगी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के पोर्टल से प्राप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि युको बैंक, राजनांदगांव की दो शाखाओं में संचालित खातों में वर्ष 2024-25 के दौरान साइबर ठगी से कुल 1 लाख 44 हजार 15 रुपये जमा कराए गए थे।
इन खातों का उपयोग साइबर अपराध से प्राप्त राशि को छिपाने और निकालने के लिए किया गया। खातों से जुड़े मोबाइल नंबरों और बैंक स्टेटमेंट के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बनी संयुक्त टीम
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम एवं साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार पम्मार के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई।
पूछताछ में अपराध स्वीकार
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने साइबर धोखाधड़ी से संबंधित म्यूल अकाउंट संचालन में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद दोनों के खिलाफ अप.क्र. 380/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 317(2), 317(4), 317(5), 111 एवं 3(5) में मामला दर्ज कर 6 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल वारंट प्राप्त होने पर जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक नंदकिशोर गौतम एवं थाना स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खातों और दस्तावेजों का दुरुपयोग किसी के लिए न होने दें, अन्यथा गंभीर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।



