राजनांदगांव। चिखली क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो चाकू लहरा कर राहगीरों को डराता धमकाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक धारदार चाकू भी जब्त किया और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक महोदया सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत, दिनांक 19 जनवरी 2026 को रात के समय पेट्रोलिंग के दौरान चिखली हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति द्वारा चाकू लहरा कर लोगों को डराने की सूचना मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तुलसी उर्फ छोटू शर्मा (28 वर्ष), निवासी चिखली दीनदयाल नगर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक लोहे का धारदार चाकू जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
शांति भंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
इसी दौरान, पुलिस ने मोहल्ले के लोगों से झगड़ा करने और अशांति फैलाने वाले दो बदमाशों को भी गिरफ्तार किया। ये दोनों आरोपी सुधीर नायडू (19 वर्ष) और योगेश कुमार मड़ामे (27 वर्ष) थे। सुधीर नायडू दीनदयाल नगर और योगेश मड़ामे शांतिनगर क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों के खिलाफ शांति भंग करने की आशंका पर धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार जारी रहेगा अभियान
पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध गांजा, शराब बिक्री, असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, प्र.आर. अरूण कुमार नेताम, अरविंद साहू, म.प्र.आर. वंदना पटले, आर. सुनील बैरागी, चन्द्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, जितेन्द्र कश्यप, तामेश्वर भुआर्य, नागेश्वर साहू और चौकी चिखली स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कड़ी सजा सुनिश्चित की गई है।



