Home देश Venezuela Oil India: रूस से तेल बंद, वेनेजुएला से खरीदेगा भारत?

Venezuela Oil India: रूस से तेल बंद, वेनेजुएला से खरीदेगा भारत?

16
0

भारत की मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड रूसी तेल का आयात रोकने के चलते वेनेजुएला से तेल खरीदने पर विचार कर रही है। अमेरिका और यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों का पालन करने के लिए भारत की रिफाइनरीज ने रूस से सीधे तौर पर तेल की खरीद पर रोक लगा दी है।

कंपनी के वित्त प्रमुख देवेंद्र कुमार ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कई और सरकारी और निजी कंपनियां भी वेनेजुएला से तेल खरीद सकती हैं। इससे पहले अमेरिका ने भारत को वेनेजुएला का तेल खरीदने का प्रस्ताव दिया था।

मैंगलोर रिफाइनरी का 40 फीसदी ऑयल होता है निर्यात

कर्नाटक में स्थित मैंगलोर की इस सरकारी रिफाइनरी की क्षमता तकरीबन 5 लाख बैरल प्रतिदिन है। इस रिफाइनरी का लगभग 40% परिष्कृत ईंधन निर्यात किया जाता है।

हम सभी पाबंदियों का कड़ाई से पालन कर रहे

एक न्यूज एजेंसी रायटर्स के हवाले से देवेंद्र कुमार ने विश्लेषकों के साथ बातचीत में कहा-हम लागू सभी प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन कर रहे हैं और वर्तमान में रूस से कच्चे तेल का आयात नहीं किया जा रहा है। अक्टूबर में अमेरिका ने रूस की दो सबसे बड़ी तेल उत्पादक कंपनियों रोसनेफ्ट (ROSN) और लुकोइल (LKOH) पर प्रतिबंध लगा दी थी। कंपनियों को 21 नवंबर तक उनके साथ अपने सौदे समाप्त करने का समय दिया। वहीं, यूरोपीय संघ ने कहा है कि 21 जनवरी से वह उन रिफाइनरियों से ईंधन नहीं लेगा जिन्होंने बिल ऑफ लैडिंग तिथि से 60 दिन पहले रूसी तेल प्राप्त किया था या संसाधित किया था।

40 फीसदी क्रूड ऑयल मध्य-पूर्व से

देवेंद्र कुमार ने कहा-निकट भविष्य में हमें अपने तैयार उत्पादों के निर्यात में किसी भी तरह की बाधा की उम्मीद नहीं है। कुमार ने कहा कि परिष्कृत ईंधन निर्यात पर उच्च लाभ रूसी तेल के नुकसान की भरपाई कर रहे हैं। रिफाइनर अपनी लगभग 40% कच्चे तेल की जरूरतों को मध्य पूर्व से खरीद के माध्यम से पूरा करता है। इसके अलावा वह स्पॉट बाजारों से भी तेल प्राप्त करता है और घरेलू तेल को संसाधित करता है।

भारत की कई और रिफाइनर भी कर रहीं विचार

देवेंद्र कुमार ने कहा कि यदि माल ढुलाई दरों सहित व्यापारिक शर्तें अनुकूल हों तो MRPL वेनेजुएला से तेल खरीदने पर सक्रिय रूप से विचार कर रही है। भारतीय रिफाइनर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RELI), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (BPCL) भी वेनेजुएला से तेल खरीदने पर विचार कर रही हैं।

5 साल में 1,000 फ्यूल स्टेशन चलाएगी कंपनी

अपने मुनाफे को बढ़ाने के लिए MRPL ने अन्य रिफाइनरों को परिष्कृत ईंधन बेचने के बजाय सीधे खुदरा बिक्री पर ध्यान केंद्रित किया है। देवेंद्र कुमार ने कहा कि कंपनी की योजना तीन साल के भीतर अपने खुदरा ईंधन नेटवर्क को 200 से बढ़ाकर 500 आउटलेट तक करने की है और इसका लक्ष्य पांच साल के भीतर 1,000 ईंधन स्टेशन संचालित करना है।

अमेरिका को 50 मिलियन बैरल कच्चा तेल

हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि वेनेजुएला ने अमेरिका को 50 मिलियन बैरल कच्चा तेल देने की पेशकश की है, जिसकी कीमत करीब 5.2 अरब डॉलर है और अमेरिका ने इस सौदे को स्वीकार कर लिया है। इससे पहले अमेरिका ने कहा था कि वेनेजुएला का तेल अब अमेरिका बेचेगा और वह भारत जैसे देशों को यह तेल बेचने के लिए तैयार है।