राजनांदगांव। केंद्र सरकार के आह्वान पर पूरे देश में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया गया। इस अवसर पर जिले भर के शिवालयों में महा रुद्राभिषेक एवं दीपोत्सव का आयोजन किया गया। जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने बताया कि सोमनाथ मंदिर के प्रति अटूट आस्था के 1000 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह पर्व मनाया गया। इस आयोजन में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जिले के विभिन्न मंडलों और नगरों में आयोजित कार्यक्रमों में रुद्राभिषेक कर पूजा अर्चना की गई और दीप जलाए गए। भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने नंदई स्थित नंदेश्वर महादेव मंदिर में ओमकार मंत्र का जाप कर भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। इस दौरान पार्षद श्रीमती केवरा विजय राय, मधु बैद, कमल सोनी, शिबू सोनकर, मनोज यादव, प्रवीण शर्मा, मदन सोनकर, अनुराग गुप्ता और गीतेश गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
कोमल सिंह राजपूत ने इस अवसर पर हिंदी दिवस की भी शुभकामनाएं दी और कहा कि हिंदी हमारी संस्कारों, भावनाओं और विचारों की सशक्त अभिव्यक्ति है। यह भाषा जन-जन की संवेदना, रचनात्मकता और संवाद का माध्यम बनकर समाज को जोड़ती है, और हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखती है।



