रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में भाजपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी में आए वरिष्ठ आदिवासी नेता नंद कुमार साय की फिर एंट्री हो गई है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने साय का अपमान किया है।
साय को प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष दीपक बैज के पदभार ग्रहण समारोह में बैठने के लिए जगह नहीं मिली। इसे लेकर कांग्रेस ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, कांग्रेस ने कहा कि साय का अपमान करने वाली भाजपा अब उनके सम्मान की चिंता न करे।
कांग्रेस ने किया साय का अपमान: भाजपा
केदार कश्यप ने आरोप लगाया कि जिन नंदकुमार साय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सामने बैठाकर चर्चा करते थे, जिन्हें भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष, राज्यसभा, लोकसभा सांसद और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का अध्यक्ष बनाया, कांग्रेस ने उन्हें अब तक का सबसे छोटा पद टिका कर आदिवासी समाज को शर्मिंदा किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह में भी साय काे उचित स्थान न देकर अपमान किया।
भाजपा के अपमान से पार्टी छोड़ा: कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि नंद कुमार साय वर्तमान में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में से एक है। उन्होंने भाजपा को प्रदेश में स्थापित करने को अपना खून-पसीना बहाया था, मगर भाजपा ने उन्हें रहने लायक नहीं छोड़ा, व्यथित व अपमानित होकर उन्होंने भाजपा छोड़ा। साय की मंशा के अनुरूप उन्हें सरकार ने सीएसआइडीसी का अध्यक्ष बनाया।
कांग्रेस का इंजन खराब: केदार
कश्यप ने कहा कि डिब्बे बदल देने से कुछ नहीं होगा, कांग्रेस का इंजन ही खराब है। यह गाड़ी अब चलने वाली नहीं है। आगामी विधानसभा चुनाव में यह कंडम गाड़ी यार्ड में पहुंच जाएगी। कांग्रेस लगातार भ्रम फैला रही है कि केंद्र सरकार से जीएसटी का पैसा नहीं मिल रहा। हम पूछते हैं कि जो पैसा मिल रहा है, वह किस मद में खर्च कर रहे हैं।