कर्नाटक में नए मुख्यमंत्री की तलाश जोरों पर चल रही है। मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा का जाना लगभग तय माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, येदियुरप्पा के उत्तराधिकारी का नाम करीब-करीब तय हो गया है। हालांकि, अभी तक नाम का खुलासा नहीं किया गया है। नए मुख्यमंत्री के नाम पर आज शाम या कल तक फैसला हो जाएगा। राज्य में नया मुख्यमंत्री कौन बनेगा इस पर कयासबाजी का दौर जारी है। राजनीतिक हलकों में कई लोगों के नाम की चर्चा है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और प्रदेश सरकार में खनन मंत्री एमआर निरानी का नाम आगे चल रहा है।
बंगलूरू में मीडिया से बात करते हुए बी एस येदियुरप्पा ने कहा कि नेतृत्व परिवर्तन पर आलाकमान को फैसला करना है। आज शाम तक तस्वीर साफ हो जाएगी। मैं आलाकमान से सुझाव की उम्मीद कर रहा हूं। आपको भी पता चल जाएगा कि यह क्या होगा।
आज येदियुरप्पा दे सकते हैं इस्तीफा
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने एलान किया था कि 25 जुलाई को अपनी सरकार के दो साल पूरा होने पर वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश का पालन करेंगे। इसके बाद यह तय हो गया कि मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।