बीजापुर। बीजापुर जिले की कुटरू थाना पुलिस ने डकैती के मामले में फरार चल रहे नक्सली आरोपी सुखराम कोवासी को शुक्रवार दोपहर को गिरफ्तार किया। उसे जैगुर के पास जंगल से पकड़ा गया। मुखबिर की सूचना पर थाना कुटरू से अनुविभागीय अधिकारी डॉ. प्रशांत शुक्ला के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिनेश चन्द्रा एवं थाना जांगला से उपनिरीक्षक गोपाल सतपथी के साथ पुलिस बल नक्सली सर्चिंग के लिए निकली थी। इसी दौरान उसे जंगल में भागते हुए देखा गया और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। गिरफ्तार नक्सली, संगठन डीएकेएमएस का सदस्य है। वहीं इसके खिलाफ ग्राम दरभा के सन्नू पोयाम के घर एवं दुकान में डकैती का भी मामला दर्ज है। आरोपी लंबे समय से फरार था।