Home News असम दौरे से लौटे विधायक विकास को कंधे पर बिठाकर हवाई अड्‌डे...

असम दौरे से लौटे विधायक विकास को कंधे पर बिठाकर हवाई अड्‌डे से बाहर लाए समर्थक, वीआईपी रोड पर जगह-जगह रोककर किया स्वागत….

20
0

कांग्रेस की राजनीति में रायपुर विधायक और संसदीय सचिव विकास उपाध्याय के बढ़े कद का असर दिखने लगा है। असम का प्रभारी बनकर पहली बार गुवाहाटी गये विकास उपाध्याय बुधवार सुबह रायपुर लौटे। हवाई अड्‌डे पर उपाध्याय के समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। समर्थकों ने विधायक को फूल मालाओं से लादकर कंधे पर बिठा लिया।

हवाई अड्‌डे से बाहर आने के बाद उनके साथ वाहनों का काफिला निकला। यह काफिला वीआईपी रोड पर आगे बढ़ा ही था कि समर्थकों की भीड़ ने फिर रोक लिया। विकास काफी दूर तक समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए पैदल ही आए। कई जगह समर्थकों ने फूल माला पहनाकर और मानव शृंखला बनाकर स्वागत किया।

विकास ने कहा, केंद्र की मोदी सरकार बहुमत का गलत इस्तेमाल कर देश को गुमराह कर रही है। इसे रोकने की जिम्मेदारी कांग्रेस की है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा, वे एकजुट होकर भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध करें।

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 19 दिसम्बर को विधायक विकास उपाध्याय को राष्ट्रीय सचिव बनाकर असम का प्रभार सौंपा था। 20 दिसम्बर को असम के प्रभारी महासचिव जितेंद्र सिंह से वर्चुअल चर्चा के बाद विकास उपाध्याय 22 दिसम्बर की शाम गुवाहाटी के लिए रवाना हुए थे।

भाजपा के पास नहीं है राहुल गांधी का जवाब

विकास उपाध्याय ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के पास राहुल गांधी के सवालों का जवाब नहीं है। इसलिए राहुल गांधी जब भी केन्द्र की गलत नीतियों को लेकर मुखर होते हैं तो सरकार के तमाम मंत्री उनके उठाये मुद्दे पर बोलना छोड़ राहुल गांधी पर व्यक्तिगत हमले करने लगते हैं। भाजपा के फर्जी फॉलोवर उसे चरणबद्ध तरीकों से पूरे देश में प्रचारित कर देश हित से जुड़े मुद्दों को आम लोगों की नजर से छुपाने की कोशिश में लग जाते हैं।