बिलासपुर। दहेज प्रताड़ना से त्रस्त महिला के जहर खाकर मौत के मामले में पुलिस ने आरोपित पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 304बी, 34 के तहत कार्रवाई की है।
सरकंडा क्षेत्र के अशोक नगर निवासी प्रदीप मिश्रा वन विभाग में सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी है। प्रदीप मूलतः दुर्ग जिले के मोहलाइन का रहने वाला है। उसकी शादी दो साल पहले सीपत क्षेत्र के सोंठी निवासी कविता मिश्रा(27 वर्ष) से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से प्रदीप व उसकी मां उमा मिश्रा घरेलू बातों को लेकर बहू को प्रताड़ित करने लगे। इस दौरान पति मारपीट कर उसे परेशान करता था। बीते 29 सितंबर को प्रदीप ने कविता से विवाद किया। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की। कविता ने अपने भाई अमित पांडेय को इसकी जानकारी दी और उसे लेने आने के लिए कहा। रात होने के कारण अमित ने सुबह आने की बात कही थी। लेकिन, देर रात ही प्रदीप अपनी पत्नी कविता को मायके छोड़कर आ गया। दूसरे दिन कविता को लेकर अमित अन्य रिश्तेदारों के साथ समझाइश देने के लिए प्रदीप के घर आए। प्रदीप ने दरवाजा नहीं खोला। कविता जबरिया घर में घुस गई। इस दौरान कविता ने कीटनाशक पी लिया। तब उसे आनन-फानन में सिम्स में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई। सरकंडा पुलिस इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मायके वालों ने अपने बयान में प्रदीप व उसकी मां उमा मिश्रा द्वारा कविता को प्रताड़ित किए जाने की बात कही। साथ ही कहा कि उनकी प्रताड़ना से ही तंग आकर कविता ने मजबूरन आत्महत्या की है। उनके बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपित प्रदीप व उसकी मां उमा के खिलाफ धारा 304बी, 34 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।