Home News बीजेपी जनप्रतिनिधियों की अनदेखी पर युवा मोर्चा ने किया जमकर हंगामा…

बीजेपी जनप्रतिनिधियों की अनदेखी पर युवा मोर्चा ने किया जमकर हंगामा…

14
0

शहर में साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त ना होने और प्रशासक द्वारा बीजेपी के जनप्रतिनिधियों की मांगें अनसुनी करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने आज जमकर विरोध जताया। भाजपा विधायकों के साथ नगर निगम के आधारताल जोन कार्यालय पहुंचे युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने यहां जमकर हंगामा मचाया और जोन दफ्तर की तालाबंदी कर दी।

यहां मौके पर पुलिसबल तैनात था फिर भी बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता दफ्तर के भीतर घुस गए, जिन्होने आधारताल जोन दफ्तर में ताला जड़ दिया। बीजेपी और युवा मोर्चा के नेताओं ने आरोप लगाया है कि नगर निगम में प्रशासक की नियुक्ति के बाद भाजपा के जनप्रतिनिधियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है और शहर की साफ सफाई व्यवस्था बेपटरी हो गई है। ऐसे में विरोध प्रदर्शऩ करते हुए कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर शहर की साफ सफाई व्यवस्था नहीं सुधरती है तो युवा मोर्चा ना सिर्फ सभी जोन दफ्तरों बल्कि नगर निगम के मुख्यालय में भी तालाबंदी करेगी।

वहीं जबलपुर के महाकौशल कॉलेज पर शिक्षा के राजनीतिकरण का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने आज जमकर हंगामा किया। कॉलेज के एनुअल प्रोग्राम में स्थानीय भाजपा विधायक अशोक रोहाणी को ना बुलाए जाने से युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इतने नाराज़ हुए कि उन्होने कॉलेज का घेराव कर दिया। कॉलेज पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने यहां जमकर विरोध जताया।

इसके बाद कार्यकर्ता कॉलेज की तालाबंदी करने जा रहे थे लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। ऐसे में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। आखिरकार सिविल लाईन थाना पुलिस ने मौके से करीब 25 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।