भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के घर शुक्रवार सुबह पूरे रीति-रिवाज से उनकी पुत्र वधु प्राची और बेटे गिरीश का गृह प्रवेश हुआ। विजयपुर स्थित उनके पैतृक घर में नव विवाहित जोड़े ने घर के बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर मंडी के पूर्व सांसद महेश्वर सिंह अपने समूह के साथ कुल्लू की पारंपरिक नाटी लेकर पहुंचे। जेपी नड्डा के समधि दोपहर बाद मिलनी कार्यक्रम के लिए राजस्थान से पहुंच रहे हैं।
200 रसोइयां बनाएंगे धाम
शनिवार को नड्डा के पैतृक गांव विजयपुर में विशेष धाम का आयोजन किया गया है। इसमें रिश्तेदारों के अलावा प्रदेश के तमाम बड़े नेता, अधिकारी और स्थानीय जनता शामिल होंगी। इसके लिए लगभग 200 रसोइयों की व्यवस्था की गई है।
पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को दिया भोज का न्यौता
नड्डा आज सुबह हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के घर उनसे मिलने पहुंचे। उनके साथ शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज भी थे। मुलाकात के दौरान वीरभद्र सिंह की पत्नी पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह और बेटे शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। नड्डा ने सभी को भोज के लिए निमंत्रण दिया। साथ ही वीरभद्र सिंह ने उनके स्वास्थय के बारे में जाना और प्रदेश की राजनीति पर बात की।
नड्डा का जोरदार स्वागत
झंडूता इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ जेपी नड्डा का स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, सीएम जयराम ठाकुर व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी नड्डा के साथ मौजूद रहे। नड्डा ने झंडूत्ता पहुंचते ही 105 फीट ऊंचे तिरंगे का भी लोकार्पण किया। इसके बाद वह झंडूत्ता के आनंद घाट में जनसभा को संबोधित किया।