दंतेवाड़ा– प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने के बाद पूरी तरह अराजकता का माहौल है। विकास कार्य ठप होने के साथ सरकार ने अन्नदाताओं को परेशान कर रखा है। चुनावी वायदे के अनुसार धान का 2500 रूपये क्विंटल नहीं दे रही है। उल्टे कम धान बेचने के लिए मजबूर कर प्रपत्र भरवा रही है। पूर्व मंत्री ने चुटकी लेते कहा कि भूपेश सरकार बालीवुड की सिनेमा को टैक्स फ्री कर सकते हैं लेकिन अन्नदाताओं को उनके हक की राशि नहीं दे सकते।
पंचायतों के पैसा गोठान निर्माण में लगा रही है तो पंचायतों के आर्थिक आय के साधन को भी बंद कर दिया है। यह आरोप भाजपा के पूर्व मंत्री केदार कश्यप का है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। लोगों से झूठे वायदे कर सत्ता पर आई और अब उनका शोषण करने में जुटी है। केदार कश्यप ने कहा कि अन्नदाताओं से पूरा धान 2500 रूपये प्रति क्विंटल के भाव से खरीदने का वायदा किया था। अब किसान के अच्छे पैदावार होने के बाद न ही पूरा धान खरीद रही है और न ही उपज का मूल्य 2500 रूपये दे रही है। उल्टे पटवारियों के जरिए एक प्रपत्र भरवा रही है कि मेरे खेत में इतना ही धान पैदा हुआ है और इससे ज्यादा मैं नहीं बेच सकता जबकि मानसून के साथ देने से इस बार पूरे प्रदेश में अच्छा उत्पादन हुआ है। मंत्री ने कहा कि मनरेगा और 14वें वित्त के पैसे को कांग्रेस सरकार ने गोठान कार्यक्रम में लगा दिया हे। इससे पंचायतों के विकास कार्य पूरी तरह ठप है। उसके साथ ही पंचायतों में रेत खदान जैसे आय के श्रोत का निजीकरण कर दिया है।