Home News झारखंड में फिर हुई दिल दहला देने वाली घटना, जानिए पूरी घटनाक्रम

झारखंड में फिर हुई दिल दहला देने वाली घटना, जानिए पूरी घटनाक्रम

20
0

नवलशाही थाना क्षेत्र के तुरियाटोला में पत्थर के खदान से शनिवार सुबह एक 15 वर्षीय लड़की का शव बरामद किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है। इस संबंध में जांच पड़ताल की जा रही है।

लड़की की पहचान 15 वर्षीय राधा कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों ने बताया कि राधा की मां मुन्नी देवी नालंदा बिहार की रहनेवाली है। उसने काफी साल पहले अपने पति अशोक कुमार को छोड़कर देवर राजेश प्रसाद से शादी कर ली थी। इसके बाद मुन्नी राजेश और राधा के साथ नवलशाही आ गई थी।

ग्रामीणों ने बताया कि मुन्नी करीब 10 साल से नवलशाही के तुरियाटोला में किराए के मकान में रह रही है। राजेश और मुन्नी की एक और बेटी है। उधर, राधा की मां मुन्नी देवी ने बेटी की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि राधा गुरुवार शाम से लापता थी। उन्होंने काफी खोजबीन की लेकिन राधा की कोई खबर नहीं मिली। आज सुबह ग्रामीणों ने खदान में उसकी लाश होने की जानकारी दी।

उधर, शव की सूचना पर नवलशाही थाना प्रभारी राजीव प्रकाश ने बताया कि सुबह ग्रामीणों ने लड़की की लाश देखी जिसके बाद उन्हें सूचना दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि लड़की का हाथ दुपट्टा से बंधा हुआ था। शरीर पर किसी तरह के चोट का कोई निशान नहीं मिला है। फिलहाल, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा कि लड़की की मौत कैसे हुई है। इस संबंध में जांच पड़ताल की जा रही है।