राजनांदगांव। अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के पास से मध्यप्रदेश निर्मित 405 बल्क लीटर शराब और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है।
मुखबर की सूचना पर पीछा कर पकड़ा
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जितेंद्र यादव के निर्देशानुसार तथा सहायक आयुक्त आबकारी राजेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आबकारी उपनिरीक्षक (डोंगरगढ़) अनिल सिंह ने मुखबिर की सूचना पर मड़ीयान से झिंझारी रोड के बीच सिल्वर रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी (क्रमांक CG 04 HA 8987) का पीछा किया। कार्रवाई के दौरान आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था।
8 लाख रुपये से अधिक की जब्ती
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से मध्यप्रदेश निर्मित भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई, जिसमें शामिल हैं:
रॉयल स्टैग: 5 पेटी
बॉम्बे स्पेशल: 20 पेटी
गोवा स्पिरिट: 20 पेटी
कुल 45 पेटी (2250 नग पाव) यानी 405 बल्क लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 5 हजार रुपये है। जब्त स्कॉर्पियो वाहन की कीमत 5 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल जब्ती राशि 8 लाख 5 हजार रुपये रही।
रिमांड पर भेजा गया जेल
मामले में फरार आरोपी संजय लाल पारधी (निवासी मरोदा, रिसाली, जिला दुर्ग) के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया था। विभाग ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे न्यायालय के आदेशानुसार 13 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग द्वारा सभी वृत्त प्रभारियों को ढाबों, होटलों और संदिग्ध ठिकानों की नियमित जांच कर अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।



